After being rejected by the public, even the development works started to appear fake to the Congress – Renuka Singh’s sharp attack.
एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
एमसीबी/कोरिया।भरतपुर–सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार श्रीमती रेणुका सिंह ने कांग्रेस के पूर्व विधायक गुलाब कमरो द्वारा मीडिया के माध्यम से लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और राजनीतिक हताशा से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता द्वारा नकारे जाने के बाद अब वह झूठे आरोप लगाकर सुर्खियों में बने रहने का प्रयास कर रही है।
रेणुका सिंह ने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्य पूरी तरह स्वीकृत, बजट अनुमोदित और दस्तावेजों में दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि सांसद निधि, राज्य योजना और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हुए कार्यों को छुपाया नहीं जा सकता, सभी कार्यों का रिकॉर्ड सार्वजनिक है।
विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि कांग्रेस यह भूल गई है कि उनके लंबे कार्यकाल में क्षेत्र को क्या मिला, यह जनता भली-भांति जानती है।
भाजपा सरकार में भरतपुर–सोनहत विधानसभा में सड़क, पुल, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिन्हें जनता ने देखा और महसूस किया है।
रेणुका सिंह ने पूर्व विधायक के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग अपने कार्यकाल में विकास नहीं कर पाए, वे आज दूसरों के कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने की यह कोशिश सफल नहीं होगी, क्योंकि जनता सच और झूठ में फर्क करना जानती है।
उन्होंने आगे कहा कि वे विधानसभा में भी क्षेत्र की समस्याओं को लगातार उठा रही हैं और सांसद रहते हुए भी केंद्र सरकार से क्षेत्र के लिए संसाधन लाने का काम किया है। विकास उनका एजेंडा है, न कि आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति।
रेणुका सिंह ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास कोई तथ्य हैं तो वे सार्वजनिक मंच पर दस्तावेजों के साथ रखें, केवल प्रेस वार्ता कर बयानबाजी करना जनता के साथ छल है।



