Managing Director Arrives to Assess Ground Reality of Employment Schemes; Engages in Direct Dialogue with Beneficiaries.
युवा उद्यमियों के नवाचार को सराहा, व्यवसाय विस्तार के दिए व्यावहारिक सुझाव
ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर, अधिकाधिक प्रकरण बनाकर बैंकों को भेजने के निर्देश
सरकारी योजनाओं से बढ़ रहा आर्थिक सशक्तिकरण, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर होंगे सृजित
रायगढ़,/ छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की प्रबंध संचालक श्रीमती रीता यादव द्वारा विभागीय योजनाओं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से लाभान्वित हितग्राहियों के इकाई स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण एवं अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनके अनुभवों की जानकारी प्राप्त की।
ग्राम पंचायत कोसमंदा में संचालित दोना-पत्तल निर्माण इकाई के संचालक श्री नेहरू लाल पटेल ने बताया कि वे पिछले 12 वर्षों से इस व्यवसाय से जुड़े हैं। इस माध्यम से न केवल उनका स्वयं का रोजगार सुनिश्चित हुआ है, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार प्राप्त हो रहा है। प्रबंध संचालक ने इस इकाई को ग्रामीण स्वरोजगार का सफल एवं प्रेरणादायक मॉडल बताया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अंतर्गत ऋण प्राप्त कर कूलर निर्माण व्यवसाय संचालित कर रहे श्री श्रेयस साहू के कार्यों की सराहना की गई। पुसौर में श्री निखिल साहू द्वारा संचालित आधुनिक रेस्टॉरेंट तथा रायगढ़ में श्री अभिषेक केरकेट्टा द्वारा संचालित “ओहमा होटल एवं रेस्टोरेंट” के सफल संचालन की भी प्रशंसा की गई। उन्होंने उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार हेतु आवश्यक सुझाव प्रदान करते हुए युवाओं के उत्साह की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए अधिकाधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने ग्रामोद्योग अंतर्गत नई इकाइयों की स्थापना हेतु प्रकरण तैयार कर बैंकों को प्रेषित करने के निर्देश प्रभारी अधिकारी श्री आशीष सिंह राठौर को दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है तथा स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





