मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
मुंगेली -लोरमी। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में स्थित नेहा पब्लिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छीतापार ने इस वर्ष हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में अभूतपूर्व सफलता हासिल कर शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसने न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग ने इस सफलता को संभव बनाया है।
👉दसवीं में गीतांजलि पटेल बनी टॉपर,
कक्षा दसवीं में छात्रा गीतांजलि पटेल ने 93.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने सभी को गौरवान्वित किया है। वहीं धन कुमारी ने 81.83 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया और अरुण पटेल ने 79.33 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान पर जगह बनाई।
👉 बारहवीं में लक्ष्मी पटेल का दबदबा,
कक्षा 12वीं में लक्ष्मी पटेल ने 79.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। हनी पटेल ने 76 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान और नम्रता कोसले ने 70.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। सभी सफल विद्यार्थियों ने अपने भविष्य में डॉक्टर, प्राध्यापक और उच्च अधिकारी बनने का लक्ष्य रखा है।
👉 परिणाम का विश्लेषण,
कक्षा दसवीं में कुल 40 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 24 छात्र प्रथम श्रेणी और 11 छात्र द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। 3 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे जबकि 2 छात्र परीक्षा में सफल नहीं हो सके।
वहीं कक्षा 12वीं में कुल 12 विद्यार्थियों में से 9 ने प्रथम श्रेणी और 3 ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। इस प्रकार विद्यालय का समग्र परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
👉 शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका,
इस शानदार सफलता के अवसर पर विद्यालय के संचालक सुनील लहरे, प्राचार्य अजय टंडन एवं समस्त स्टाफ ने सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। संचालक सुनील लहरे ने कहा कि यह सफलता विद्यालय की गुणवत्ता, अनुशासन और सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग को इस उपलब्धि का मुख्य आधार बताया।
👉हवाई यात्रा का अनोखा इनाम,
विद्यालय के संचालक द्वारा पहले से की गई घोषणा के अनुसार, 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को हवाई यात्रा कराई जाएगी। इस घोषणा से बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि अधिकांश छात्र ग्रामीण पृष्ठभूमि से हैं और उन्होंने पहले कभी हवाई यात्रा का अनुभव नहीं किया है।
👉 क्षेत्र में खुशी का माहौल,
विद्यालय की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्सव का माहौल है। अभिभावक, शिक्षक और ग्रामीणजन सभी छात्रों की उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। यह परिणाम यह दर्शाता है कि यदि संकल्प और मेहनत हो, तो संसाधनों की कमी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।


