With a spectacular closing ceremony, the MLA Cricket Cup turned into a grand sports festival. Bandhavgarh won the title by 17 runs, and MLA Renuka Singh encouraged the players.
एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
एमसीबी/भरतपुर–सोनहत क्षेत्र में आयोजित विधायक क्रिकेट कप टूर्नामेंट का भव्य और रोमांचक समापन विधायक रेणुका सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विधायक रेणुका सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह टूर्नामेंट अब केवल क्षेत्रीय आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि इसकी पहचान प्रदेश और राज्य की सीमाओं से बाहर तक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आज इस आयोजन की गरिमा इस बात से और बढ़ गई है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस से टीम यहां भाग लेने पहुंची है, जो इस टूर्नामेंट की बढ़ती लोकप्रियता और विश्वसनीयता को दर्शाता है।
फाइनल मुकाबला मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ और उत्तर प्रदेश के बनारस की टीमों के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांधवगढ़ की टीम ने निर्धारित ओवरों में 234 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बनारस की टीम संघर्ष के बावजूद 218 रन पर ऑलआउट हो गई और इस तरह बांधवगढ़ ने 17 रनों से जीत दर्ज कर विधायक क्रिकेट कप का खिताब अपने नाम किया।
विधायक रेणुका सिंह ने अपने करकमलों से प्रदान किया पुरस्कार
टूर्नामेंट में विजेता टीम बांधवगढ़ को ट्रॉफी के साथ 2 लाख रुपये नकद, जबकि उपविजेता बनारस टीम को ट्रॉफी के साथ 1 लाख रुपये नकद पुरस्कार मुख्य अतिथि विधायक रेणुका सिंह के करकमलों से प्रदान किया गया।
इस रोमांचक मुकाबले में बांधवगढ़ की ओर से आनंद बघेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 35 रन देकर 5 विकेट झटके, वहीं गौरव सिंह ने मात्र 22 गेंदों में 59 रनों की तूफानी पारी खेली। बनारस टीम की ओर से हिमांशु त्रिपाठी ने 4 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि रवि बनारस ने 20 गेंदों में 53 रन बनाकर दर्शकों का दिल जीत लिया और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
गौरतलब है कि इस विधायक क्रिकेट कप टूर्नामेंट की शुरुआत 18 दिसंबर 2025 को हुई थी, जिसमें विभिन्न राज्यों से आई 16 टीमों ने भाग लिया। 31 दिसंबर 2025 को खेले गए पहले सेमीफाइनल में बांधवगढ़ ने रायपुर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि 2 जनवरी 2026 को बनारस की टीम ने बलपुरवा को पराजित कर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
*टीम वर्क, सही रणनीति, धैर्य और आत्मविश्वास सबसे अहम – रेणुका सिंह
कार्यक्रम के दौरान विधायक रेणुका सिंह ने सभी टीमों को बधाई देते हुए कहा कि “किसी भी खेल में जीत के लिए टीम वर्क, सही रणनीति, धैर्य और आत्मविश्वास सबसे अहम होते हैं।” उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विजेता व उपविजेता टीमों को अपने करकमलों से पुरस्कार प्रदान किए।
अपने संबोधन के अंत में विधायक ने उपस्थित दर्शकों और खेल प्रेमियों का आभार जताते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक टूर्नामेंट नहीं बल्कि एक खेल महोत्सव बन चुका है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में इंद्रप्रस्थ स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा और इसके विस्तार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे, जिसमें धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।



