एमसीबी/खोगापानी। नगर पंचायत खोगापानी के वार्ड क्रमांक 11 स्थित 56 दफ़ाई में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया तथा उपस्थित लोगों ने मिठाई वितरण कर उनकी जयंती का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों एवं वार्डवासियों ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान और देश के प्रति दिए गए बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है तथा युवाओं को उनके आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए।
इस अवसर पर नगर पंचायत खोगापानी के पूर्व अध्यक्ष धीरेन्द्र विश्वकर्मा, वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद जितेंद्र गुप्ता, शिवलाल चौधरी, बालमुकुंद, रामा यादव, पिंटू भास्कर, आशीष वर्मा, जगदीश मधुकर, चंदन केवट सहित बड़ी संख्या में नगर एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।



