कांकेर। जिले में गो माता के सम्मान और संरक्षण को लेकर 27 अप्रैल (सोमवार) को “गो सम्मान आह्वान अभियान” आयोजित किया जाएगा। सुबह 9 बजे से 12 बजे तक जिले की सभी तहसीलों में गो भक्तों, साधु-संतों और गणमान्य नागरिकों द्वारा देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम तहसील स्तर पर प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे।
जिला प्रभारी श्री सोनसाय साहू ने बताया कि वर्तमान में गो माता की स्थिति दयनीय होती जा रही है। वे सड़कों पर भटक रही हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो रही हैं, जिसके लिए कहीं न कहीं गो पालक भी जिम्मेदार हैं। इस स्थिति को देखते हुए देशभर के साधु-संतों ने गो माता को राष्ट्र माता, राष्ट्र देव और राष्ट्र धरोहर का दर्जा देने की मांग को लेकर यह अभियान चलाने का आह्वान किया है।
उन्होंने आगे कहा कि गो सेवा के लिए केंद्रीय कानून बनाया जाए तथा देशभर में गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, जिससे गो माता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अभियान के तहत जिले के सभी तहसीलों में धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक संगठनों, व्यापारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। सभी स्थानों पर सुबह 10 बजे से 12 बजे तक सभा, भजन-कीर्तन एवं सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा।
तहसीलवार एकत्रीकरण स्थल इस प्रकार हैं:
कांकेर – नया बस स्टैंड सभा हाल (डोम)
चारामा – हनुमान मंदिर (अस्पताल के पास)
नरहरपुर – नीलकंठेश्वर शिव मंदिर
सरोना – पंचायत भवन, बाजार चौक
भानुप्रतापपुर – मंगल भवन
कोरर – बाजार चौक
पखांजूर – नवीन बंगला समाज भवन, नया बाजार
कोयलीबेड़ा – बाजार चौक
अंतागढ़ – शीलता मंदिर
दुर्गूकोंदल – बाजार मंडी
आयोजकों ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर इस अभियान में सहभागिता निभाएं और गो माता के सम्मान व संरक्षण के लिए आवाज बुलंद करें।



