उत्तर बस्तर कांकेर, 04 मई 2026/कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के पहुंचे 35 आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को अवगत कराया। प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में भूमि रजिस्ट्रीकरण, नामांतरण, भूमि आबंटन, नक्शा, खसरा दुरुस्तीकरण, विद्युत लाईन विस्तार, सिलाई मशीन प्रदान करने, नवीन सोलर पंप की स्वीकृति, नया बोर खनन सहित विभिन्न मांग एवं समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम सहित जिला अधिकारी व जनपद एवं नगरीय निकायों के अधिकारीगण मौजूद थे।



