
उत्तर बस्तर कांकेर, 18 फरवरी 2024/ जिले में जेईई मेंस प्रवेश परीक्षा के प्रथम चरण में 29 छात्र-छात्राओं का चयन गत सत्र के पर्सेंटाईल्स के आधार पर संभावित है। गत सत्र में जिले के कुल 71 छात्रों का चयन जेईई मेंस परीक्षा में हुआ था, जिसमें से 17 छात्रों को एनआईटी एवं ट्रिपल आई टी रायपुर में जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कालेजों में प्रवेश दिलाया गया है। इसके अलावा नीट में भी 03 छात्र एमबीबीएस एवं डेंटल में चयनित हुए हैं।
गत वर्ष की सफलता को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी प्रशासन द्वारा जिले में अध्ययनरत 378 गणित के विद्यार्थियों को जेईई मेंस प्रवेश फार्म भरने हेतु प्रोत्साहित किया गया था, जिसमें से लगभग तीन सौ से अधिक छात्रों ने प्रवेश फार्म भरा तथा 297 बच्चों ने परीक्षा भी दिलाया, जिसमें से 29 बच्चों का चयन होना संभावित है। ये चयनित होने वाले बच्चों में 27 बच्चे एसटी संवर्ग के हैं तथा 01 छात्र एससी संवर्ग एवं 1 छात्र ओबीसी संवर्ग से हैं। इसमें से अंतागढ विकासखंड से 02, भानुप्रतापपुर से 06, चारामा से 04, दुर्गूकोंदल से 04, कांकेर से 06, कोयलीबेड़ा से 01 और नरहरपुर से 06 विद्यार्थी चयनित हो सकते हैं। 29 विद्यार्थियों में से 17 छात्र एवं 12 छात्राएं हैं।
सेजेस चारामा के छात्र नीरज कोसरिया 86.99 अंक प्राप्त कर जिले में पहले स्थान पर हैं, वहीं विकासखंड दुर्गूकोंदल के सेजेस कोडेकुर्से की छात्रा कु0 कंचन दुग्गा 80.558 अंक प्राप्त कर जिले में दूसरे स्थान पर हैं। इसी तरह से जिले के नरहरपुर विकासखंड के दूरस्थ विद्यालय शासकीय उमावि कुरालठेमली में अध्ययनरत सात में से चार एसटी छात्रों क्रमशः युगल किशोर 64.25, छत्तर सिंह मंडावी 44.84, दीपेश नेताम एवं संदीप कुमार 40.35 का चयन होना भी सम्भावित है। यह जिले के किसी एक ही विद्यालय का सर्वाधिक संख्या है। जिला उत्तर बस्तर कांकेर शिक्षा के क्षेत्र में नित नये आयाम गढ़े जा रहे हैं। जेईई हेतु चयनित सभी छात्र गरीब मजदुर संवर्ग से हैं। मिचेवाड़ा निवासी कु0 कंचन दुग्गा ने बताया कि वे बेहद गरीब छात्रा हैं। उनके पालक मनरेगा में मजदुरी, तेंदुपत्ता तोड़ने और गाय बकरी चराने का कार्य करते हैं। फिर भी इस छात्रा ने जेईई मेंस परीक्षा में अच्छा परिणाम प्राप्त किया है। इसी प्रकार से शासकीय उमावि तुडगे में अध्ययनरत छात्र मिथलेश कडीयाम स्वयं गाय बकरी चराने का कार्य करते हुए भी जेईई मेंस प्रवेश परीक्षा में 61.28 अंक प्राप्त किया है। शासकीय उमावि साल्हे से दो छात्र अमित कुमार एवं कु0 रिया दोनों ही एसटी संवर्ग के है, क्रमशः 70.41 एवं 61.52 पर्सेंटाईल आधार पर चयन होना संभावित है। इसी प्रकार सेजेस भानुप्रतापपुर से दो छात्र कु0 मुस्कान बघेल 62.59 एवं कु0 कुमकुम धनेन्द्र 45.63, शासकीय उमावि कोण्डे से दो छात्रा यमुना कुमेटी 53.04 एवं पुष्पांजली कांगे 51.10, शासकीय उमावि देवगांव से छात्र परमेश्वर मरकाम 67.32, दुधावा से छात्र मयंक नेताम 49.32, भेजा से छात्र रोहित पददा 44.55, एकलव्य से रोहित कुमार 53.57, बोंदानार से सत्याजीत 53.01, शासकीय उमावि पंडरीपानी जितेश्वरी 50.51, कोटतरा से कु0 भुमिका उसेंडी 42.72, पुरी से कु0 लिलेश्वरी 66.36, दमकशा से प्रियांशु चुरेन्द्र 38.13, शासकीय उमावि बागोडार से कु0 विधी कुमेटी 62.80, पोटगांव से छात्र जीवन कावडे 53.037, सिदेसर से देवल कुमार कोडोपी 49.39, सेजेस नरहरदेव से प्रभात नेताम 40.35 और छोटे कापसी से प्रणीता मनकर का 48 पर्सेंटाईल से चयन संभावित है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री भुवन जैन ने बताया कि जेईई मेंस प्रवेश परीक्षा के प्रथम फेस के रिजल्ट के आधार पर 29 छात्रों का चयन संभावित है। बोर्ड परीक्षा उपरांत द्वितीय फेस हेतु छात्रों को विशेष कोचिंग के माध्यम से नियमित परीक्षा की तैयारी हेतु प्रयास किया जाएगा। पिछले सत्र में दोनो फेस मिलाकर 75 छात्रों ने क्वालीफाई किया था।



