सरसीवा – सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत झुमका में किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राजस्व मंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष जालान, जिला पंचायत सदस्य दिनेश लाल जांगड़े, शिव कुमारी साहू, भगवंती पटेल, भाजपा उपाध्यक्ष द्वारिका साहू, जनपद पंचायत बिलाईगढ़ अध्यक्ष जयशंकर साहू तथा ग्राम पंचायत झुमका के सरपंच धनंजय साहू उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में मौजूद रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों का नाम किसी भी स्थिति में नहीं छूटेगा, यह राज्य सरकार की प्राथमिकता और वादा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाना अनिवार्य है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करे।
शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण भी किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई तथा हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया गया।



