बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिले के ब्लाक भैरमगढ़ के वन परिक्षेत्र (सामान्य) कार्यालय में छुट्टी के दिन अचानक आग लग गई, जिससे कार्यालय में रखे दस्तावेज जलकर खाक हो गए। सूत्रों के मुताबिक, आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक कई फाइलें और कागजात राख हो चुके थे।
वन परिक्षेत्र अधिकारी दीनानाथ ने मीडिया से कहा कि “आग में जले कागजात महज कचरा थे और कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज क्षतिग्रस्त नहीं हुआ।” हालांकि, स्थानीय लोगों ने इस बयान पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं में अक्सर संवेदनशील रिकॉर्ड भी नष्ट हो सकते हैं, इसलिए पूरी पारदर्शिता के साथ जांच होनी चाहिए।
घटना के सही कारणों की जांच बाद ही स्पष्ट कुछ कहा जा सकता है। साथ ही, ग्रामीणों ने कार्यालयों में अग्निशमन यंत्र और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।



