उत्तर बस्तर कांकेर 18 मई 2026/मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु 20 जून तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। चयन परीक्षा का आयोजन 26 जुलाई रविवार को दोपहर 12 से 02 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार योजनांतर्गत राज्य के उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को निःशुल्क अध्ययन एवं प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी। योजना के अंतर्गत परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी का वर्तमान में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत होना आवश्यक है। साथ ही कक्षा 4वीं की परीक्षा में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक अथवा समकक्ष ग्रेड प्राप्त होना अनिवार्य होगा। चयन परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। प्रवेश हेतु पालक की वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन पत्र के साथ कक्षा 4वीं की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पालक का आय प्रमाण पत्र, आयकरदाता नहीं होने का प्रमाण पत्र तथा संस्था के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने का प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। जिला कांकेर को राज्य शासन से अनुसूचित जनजाति वर्ग के 07 तथा अनुसूचित जाति वर्ग के 01 विद्यार्थी सहित कुल 08 विद्यार्थियों के चयन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। योजना का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्र अर्थात ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित शालाओं में अध्ययनरत कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों को दिया जाएगा।
सहायक आयुक्त ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी 20 जून 2026 तक अपने विद्यालय में आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकते हैं। शाला प्रमुखों द्वारा परीक्षण उपरांत आवेदन 27 जून तक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेजे जाएंगे, वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा समस्त आवेदन 30 जून तक सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में जमा किए जाएंगे। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र हेतु इच्छुक पालक एवं विद्यार्थी अपने विकासखंड के खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अथवा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय कांकेर से संपर्क कर सकते हैं।


