उत्तर बस्तर कांकेर 09 मई 2026 /जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर द्वारा गत दिवस स्टार्टअप इंडिया, डीपीआईआईटी के अंतर्गत एक दिवसीय तेजस कार्यशाला का आयोजन किया गया ।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं एवं उभरते उद्यमियों को स्टार्टअप से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन, पंजीयन प्रक्रिया, शासकीय योजनाओं एवं वित्तीय सहायता के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री आशाराम नेताम ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यशाला से जिले के युवाओं एवं उद्यमियों को स्टार्टअप के संबंध में जानकारी एवं मार्गदर्शन मिलेगा , जिससे वे उद्योग स्थापना की ओर अग्रसर होंगे। शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत बेरोजगार युवाओं को कम ब्याज दर पर ऋण के साथ अनुदान भी उपलब्ध कराया जाता है जिसका वे लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, नगर पालिका अध्यक्ष , जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री अनुप शर्मा,उद्योग विभाग के उपसंचालक श्री प्रफुल्ल साहू, श्रीमती सिरिन देवांगन एवं महाप्रबंधक श्री टंकेश्वर देवांगन उपस्थित रहे। इसके साथ-साथ महिला स्व सहायता समूह,चेंबर ऑफ़ कॉमर्स,एमएसएमई एवं आईटीआई,पालीटेक्निक ,लाईवलीहुड कालेज में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा उपस्थित रहे । कार्यशाला में 05 प्रतिभागियों को बेस्ट स्टार्टअप एवं स्टार्टअप एक्सबिसन का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया l




