Home कांकेर कलेक्टर ने विभागों में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

कलेक्टर ने विभागों में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

0

उत्तर बस्तर कांकेर, 07 मई 2024/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और निर्धारित समयावधि में उनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों से निर्देशित किया कि जनसमस्याओं से संबंधित आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता के साथ करें।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में भूमि अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रहीं हैं, जिसे सभी एसडीएम गंभीरता से लेते हुए प्रकरणों की जांच कराएं और अनधिकृत रूप से कब्जा करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करें। इसी तरह वन अधिकार मान्यता पत्र के लंबित प्रकरणों का परीक्षण करने और पात्रतानुसार हितग्राहियों को लाभ देने के भी निर्देश दिए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल की समस्याओं को लेकर प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करने के लिए कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को कलेक्टर ने निर्देशित किया। उन्होंने जिले के विभिन्न विद्यालयों में वर्ष 2019 से अब तक के अपूर्ण कार्यों की जानकारी ली और जिला शिक्षा अधिकारी को अपूर्ण निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में शासकीय ब्लड सेंटर एवं ब्लड स्टोरेज सेंटर शुरू करने एवं रेडक्रास सोसायटी हेतु आयुष विभाग के नवीन भवन में कक्ष आबंटित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने विभिन्न शासकीय कार्यालयों में विद्युत बिल की बकाया राशि की जानकारी लेते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यालय की बकाया राशि का भुगतान करें।
बैठक में वन मण्डाधिकारी श्री आलोक वाजपेयी, श्री हेमचंद पहारे, श्री डी.पी. साहू, एडीएम श्री एस. अहिरवार, श्री बी.एस. उइके एवं श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे, जिला पंचायत के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here