Police warning came as soon as Chardham Yatra started, appeal not to visit Yamunotri Dham.
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू हो गई है. 10 मई को बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने के बाद अब बद्रीनाथ धाम के कपाट भी रविवार सुबह 6 बजे भक्तों के लिए खोल दिये गए हैं. वैदिक मंत्रोच्चार और बद्री विशाल के जयकारों के साथ मंदिर के कपाट खोले गए. तो वहीं यमुनोत्री धाम में लोगों से यात्रा नहीं करने की अपील की जा रही है.
बद्रीनाथ धाम के कपाट छह महीने के बाद खुले हैं. जो कि बीते साल 18 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे. अब उत्तराखंड में स्थित चारधाम के लिए मंदिरों के कपाट खोल दिये गए हैं. केदारनाथ और यमुनोत्री के बाद अब बाबा बद्री विशाल का दरबार भी भक्तों के लिए खोल दिया गया है. ऐसे में भारी संख्या में श्रृद्धालु पहुंच रहे हैं.
पिछले साल से डेढ़ गुना अधिक भीड़
चार धाम यात्रा में केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में उमेश श्रद्धालुओं ने नया रिकॉर्ड बना दिया। पिछले साल के पहले दो दिनों की तुलना में 50 फीसदी से ज्यादा श्रद्धालुओं ने चार धाम के दर्शन किए। गंगोत्री मंदिर में जरूर पिछले साल के मुकाबले पहले दिन संख्या कम रही, लेकिन शनिवार को वहां भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई। चार धाम और मंदिर में दर्शन के लिए अब तक 24 लाख 42 हजार से ज्यादा श्रद्धालु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। केदारनाथ धाम में 2023 में कपाट खुलने के दिन 25 अप्रैल को 18,335 और दूसरे दिन 26 अप्रैल को 13,492 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इस साल 10 मई को कपाट खुलने के दिन ही 29,030 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे। दूसरे दिन 11 मई को 22,599 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।
यमुनोत्री में ऐसे हालात
यमुनोत्री धाम में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यात्रा को गंगोत्री धाम के लिए किया डाइवर्ट किया है. यात्रियों से यमुनोत्री धाम यात्रा को एक दिन के लिए स्थगित करने की अपील की जा रही है. कारण यह है कि यहां बड़ी संख्या में यात्री के पहुंच रहे हैं. इससे यमुनोत्री हाइवे पर जाम के हालात बने हैं. यहां बीती रात यात्री जाम में फंसे रहे. ऐसे में एसपी, डीएम उत्तरकाशी रात से मौके पर डटे हुए हैं.
उत्तरकाशी पुलिस ने की यह अपील
रविवार सुबह उत्तरकाशी की पुलिस ने सोशल मीडिया हेंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘आज श्री यमुनोत्री धाम पर क्षमता के अनुसार पर्याप्त श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंच चुके हैं. अब और अधिक श्रद्धालुओं को भेजना जोखिम भरा है. जो भी श्रद्धालु आज यमुनोत्री यात्रा पर आने जा रहे हैं. उनसे विनम्र अपील की जा रही है कि आज यमुनोत्री जी की यात्रा स्थगित करें.’
यात्रा मार्ग पर बढ़ा है वाहनों का दबाव
चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है। यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर पहले ही दिन से ही वाहनों का भारी दबाव देखा जा रहा है। जाम जैसी स्थिति बनने के कारण शनिवार को यमुनोत्री के यात्रा पड़ावों पर रोक गए कई यात्रियों को बिना दर्शन किए लौटना पड़ा। पैदल मार्ग पर भी भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था बनी रही। यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के दिन शुक्रवार को जो यात्री यमुनोत्री गए थे, उनमें से अधिकांश तीर्थयात्री शाम को भी बड़कोट नहीं लौट सके। इन यात्रियों ने बड़कोट में वापसी के लिए कमरा बुक कराया था। उनकी वापसी नहीं होने का कारण हनुमान चट्टी के पास जाम लगना बताया जा रहा है। कई यात्रियों को गाड़ियों में ही रात गुजारनी पड़ी।
हालांकि, कुछ पड़ावों पर पुलिस ने वाहनों को रोक दिया था, ताकि यमुनोत्री में भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। शनिवार को दूसरे दिन जो यात्री जाम के कारण यमुनोत्री नहीं जा सके, वह दर्शन किए बिना ही बड़कोट आ गए। शनिवार को भी जानकी चट्टी में जाम लगता रहा। पुलिस ने पालीगाड़ में ही वाहनों को रोका। वहां से से रुक-रुक कर यात्री वाहनों को जानकी चट्टी के लिए छोड़ा गया।



