Mumbai: He had his hair and beard cut to mislead the police; Mihir Shah is addicted to alcohol, revealed during police interrogation
पुणे। मुंबई में 45 वर्षीय महिला की जान लेने वाले बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन मामले के मुख्य आरोपी मिहिर शाह ने एक बड़ी बात कबूली है। मिहिर ने माना कि वह शराब पीने का आदी है। 24 वर्षीय मिहिर शाह ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ के दौरान यह कबूलनामा किया।
पुलिस की जांच से यह भी पता चला है कि मिहिर शाह ने पुलिस को गुमराह करने के लिए विरार में एक नाई की दुकान पर अपनी दाढ़ी और बाल कटवाए थे। पुलिस ने मिहिर के बाल काटने वाले नाई का बयान दर्ज कर लिया है।
मिहिर ने कटवाए थे बाल और दाढ़ी
हादसे के बाद तीन दिनों तक लापता रहने वाले मिहिर को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई थी। पुलिस ने मिहिर को मुंबई से लगभग 65 किलोमीटर दूर विरार के एक अपार्टमेंट में ट्रैक किया था। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के शिवसेना गुट के सदस्य और राजनेता राजेश शाह का बेटा है मिहिर। बता दें कि शाह के माता-पिता और दो बहनों सहित एक दर्जन लोग हिरासत में हैं।
पुलिस ने मिहिर को तब पकड़ा जब उसके एक दोस्त ने 15 मिनट के लिए उसका फोन चालू किया। 6 जुलाई को, मिहिर शाह कथित तौर पर जुहू बार में दोस्तों के साथ घंटों पार्टी करने के बाद BMW चला रहा था। उसने रविवार सुबह 5.30 बजे कथित तौर पर एक दंपति को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मारी गई महिला कावेरी नखवा थी, जो 45 वर्षीय दो बच्चों की मां थी।
1.5 किलोमीटर तक महिला के शव को घसीटा
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि टक्कर के बाद नखवा को 1.5 किलोमीटर तक घसीटा गया था। पुलिस ने कहा कि फुटेज में यह भी दिखाया गया है कि शाह ने महिला के शव को कार के नीचे से निकाला और उसे सड़क पर छोड़कर भाग गए।
पहले सामने आई थी शराब न पीने की बात
पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि जिस नाई से मिहिर ने अपने बाल और दाढ़ी कटवाए थे, उसके भी बयान दर्ज किए गए हैं।
बता दें कि घटना के समय मिहिर ने शराब पी थी या नहीं, इसे लेकर संशय था। मामले में जुहू स्थित बार की ओर से भी झूठी जानकारी पुलिस को दी गई थी।
घटना के बाद मिहिर के 3 दिन गायब रहने से पुलिस उसके खून के नमूनों का परीक्षण नहीं करवा सकी है।
क्या है पूरा मामला?
7 जुलाई की सुबह कोलीवाडा निवासी प्रदीप नखवा और उनकी पत्नी कावेरी स्कूटी पर सवार होकर ससून डॉक में मछली खरीदने गए थे।
वापसी मे मिहिर ने तेज रफ्तार BMW कार से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी थी, जिससे प्रदीप दूर गिरे, लेकिन कावेरी स्कूटी में फंसकर कार के साथ 100 मीटर तक घिसटती चली गई।
घटना के बाद से मिहिर फरार था, जिसे पुलिस ने 72 घंटे बाद गिरफ्तार किया। मिहिर का पिता जमानत पर है।



