Applications invited till July 25 for admission in Eklavya schools
Selection exam on July 28
उत्तर बस्तर कांकेर, 20 जुलाई 2024/ जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अंतागढ़, कांकेर, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर एवं दुर्गुकोंदल में कक्षा 07वीं से कक्षा 12वीं तक के रिक्त सीटों पर लैटरल एंट्री माध्यम से अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाना है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र के साथ पूर्व कक्षा की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, 02 पासपोर्ट साईज फोटो एवं आधार कार्ड की छायाप्रति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर 25 जुलाई तक कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कांकेर में स्वयं उपस्थित होकर जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात् तथा डाक के माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कक्षा 7वीं, 8वीं और 9वीं के रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन 28 जुलाई 2024 को प्रातः 11.00 बजे से 01.00 बजे तक प्रयास आवासीय विद्यालय ईमलीपारा में किया जाएगा।
प्रवेश हेतु अर्हता :-
प्रवेश हेतु आवेदक की आयु 01 अप्रैल 2024 की स्थिति में कक्षा 07 वीं के लिए न्यूनतम 11 वर्ष एवं अधिकतम 14 वर्ष, कक्षा 8वीं के लिए न्यूनतम 12 वर्ष एवं अधिकतम 15 वर्ष, कक्षा 09 वीं के लिए न्यूनतम 13 वर्ष एवं अधिकतम 16 वर्ष, कक्षा 10 वीं के लिए न्यूनतम 14 वर्ष एवं अधिकतम 17 वर्ष और कक्षा 11 वीं के लिए अधिकतम 16 वर्ष निर्धारित है। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आयु सीमा में अधिकतम 02 वर्ष की छूट रहेगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होने के साथ ही राज्य शासन द्वारा घोषित जनजातीय वर्ग या समुदाय का सदस्य हो और विद्यार्थी को किसी अन्य विद्यालय से निष्काषित न किया गया हो।
चयन प्रक्रिया
कक्षा 7वीं से 9वीं में रिक्त सीटों के लिए प्रवेश चयन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं में रिक्त सीटों प्रवेश के लिए पूर्ववर्ती कक्षा में प्राप्तांक के आधार पर मेरिट सूची अनुसार चयन किया जाएगा। कक्षा 10वीं में रिक्त सीट में प्रवेश के लिए पूर्ववर्ती कक्षा में विद्यार्थी की पढ़ाई का पाठ्यक्रम सी.बी.एस. ई. ही रहा हो। विद्यार्थी को पूर्ववर्ती कक्षा (कक्षा 9वीं) में कुल मिलाकर 50 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त न हो। कक्षा 11वीं में रिक्त सीट हेतु विद्यार्थी का चयन सी. बी.एस. ई. में 10वीं कक्षा में प्राप्तांक के आधार पर तैयार किए गए मेरिट अनुसार किया जाएगा। कक्षा 12वीं में रिक्त सीट के लिए विद्यार्थी की पढ़ाई का पाठ्यक्रम सी.बी.एस ई. ही रहा हो। विद्यार्थी को पूर्ववर्ती कक्षा (कक्षा 11वीं) में कुल मिलाकर 50 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त न हो।
इसके लिए आवेदन पत्र सभी एकलव्य विद्यालयों अथवा कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कांकेर से निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।



