Important news, eight gates of six stations will remain closed for passengers of Namo Bharat Train till August 2
गाजियाबाद। मेरठ रोड पर नमो भारत ट्रेन (Namo Bharat Train) के छह स्टेशन के आठ गेट कांवड़ यात्रा के चलते दो अगस्त तक गेट बंद किए गए हैं। यात्रियों को स्टेशन के दूसरे गेट से निकाला जा रहा।
नमो भारत ट्रेन के गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर नार्थ और मोदीनगर साउथ स्टेशन के आठ गेट जो मेरठ रोड के दाएं तरफ पर हैं, सभी को बंद कर दिया है। कांवड़ यात्रा खत्म होने के बाद तीन अगस्त से यह गेट यात्रियों के लिए खोले जाएंगे।
टिकट बुकिंग का अनुभव होगा बेहतर
नमो भारत ट्रेन के यात्रियों को बेहतर डिजिटल टिकटिंग अनुभव प्रदान करने के लिए एनसीआरटीसी ने एयरटेल पेमेंट्स बैंक के साथ साझेदारी की है। इसके तहत यात्री एयरटेल पेमेंट्स बैंक द्वारा जारी नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) से नमो भारत ट्रेनों मे यात्रा कर पाएंगे।
यात्रियों को अपना मोबाइल नंबर साझा करना होगा
एयरटेल पेमेंट्स बैंक द्वारा पेश किए गए एनसीएमसी डेबिट और प्रीपेड कार्ड सभी परिचालित आरआरटीएस स्टेशनों पर उपलब्ध हैं। यात्री 100 रुपये का शुल्क देकर टिकट खिड़की से ये एनसीएम कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को अपना मोबाइल नंबर साझा करना होगा, जिससे एनसीएम कार्ड लिंक हो जाएगा।
जारी किए गए ये नेशनल कामन मोबिलिटी कार्ड नमो भारत ट्रेनों और देश भर में अन्य ओपन-लूप परिवहन प्रणालियों जैसे दिल्ली मेट्रो, डीटीसी बसों और नोएडा मेट्रो आदि में भी निर्बाध यात्रा को सक्षम बनाएगा। इसके अतिरिक्त, इन कार्ड से वे खुदरा खरीद, एटीएम निकासी और ई-कामर्स लेनदेन की सुविधा भी प्राप्त कर सकेंगे।
इन यात्रियों को होगा बहुत लाभ
एनसीआरटीसी और एयरटेल पेमेंट्स बैंक के इस सहयोग से उन यात्रियों को बहुत लाभ होगा, जो मेट्रो, आरआरटीएस, रेलवे, बस सेवाओं जैसे परिवहन के कई साधनों का नियमित रूप से इस्तेमाल करते हैं। एक कार्ड के उपयोग से लोगों को कई टिकट या कार्ड साथ रखने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी और वे अपनी यात्रा के साथ-साथ खरीदारी और अन्य भुगतानों के लिए भी सरलता से एनसीएमसी के द्वारा त्वरित भुगतान कर सकेंगे।



