Home Blog बच्चों और शिक्षकों के बीच की मुख्य कड़ी, पालक ही होते हैं...

बच्चों और शिक्षकों के बीच की मुख्य कड़ी, पालक ही होते हैं – डहरे

0

Parents are the main link between children and teachers – Dahre

संकुल केंद्र लिमतरा में पालक शिक्षक मेगा बैठक

Ro.No - 13672/156

मस्तूरी। बच्चों की शिक्षा व्यवस्था में सहभागिता व शाला से जुड़कर समन्वय स्थापित करने के लिए, पालक शिक्षक मेगा बैठक का आयोजन मस्तूरी क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला कर्रा संकुल केंद्र लिमतरा में किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल दर्रीघाट के वरिष्ठ व्याख्याता नागराज डहरे ने कहा कि बच्चों और शिक्षकों के बीच की मुख्य कड़ी पालक ही होते हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पालकों का विद्यालय से जुड़ाव होना बहुत ही आवश्यक है। आगे उन्होंने कहा कि स्कूल द्वारा जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों व पालकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने व समन्वय स्थापित करने हेतु पालक शिक्षक बैठक अति आवश्यक है। इसी परिप्रेक्ष्य में राज्य शासन स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ के आदेश अनुसार राज्य के सभी जिलों में एक साथ 6 अगस्त 2024 को पालक शिक्षक मेगा बैठक का आयोजन संकुल स्तर पर किया गया है।
मेगा बैठक का प्रारम्भ माँ सरस्वती के पूजन वंदन के साथ किया गया। बैठक में उपस्थित चिकित्सक, पालक, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और प्रधानपाठकों का हस्त निर्मित पुष्पगुच्छ व बुके से स्वागत किया गया। तत्पश्चात बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। शासन के निर्देशानुसार बैठक के मुख्य 12 बिंदुओं व विभागीय योजनाओं की जानकारी अरुण जायसवाल शैक्षिक समन्वयक लिमतरा व शिक्षकों द्वारा बारी-बारी से पालकों के समक्ष प्रस्तुत कर उसकी उपयोगिता बताई गई। शैक्षिक समन्वयक लिमतरा ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई के लिए उचित माहौल तैयार करने के लिए घर में बच्चों के लिए एक कोना तैयार करना है, जिससे बच्चे अनुशासित और स्व प्रेरित होकर बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सके। जब बच्चे विद्यालय से घर जाए तो पालकों को उनसे पूछना चाहिए कि आज क्या सीखा? जिससे बच्चों में अभिव्यक्ति कौशल विकसित होता है। प्रतिदिन प्रार्थना के समय बच्चों को सामने बुलाकर बोलने का अवसर प्रदान करने से उनकी झिझक दूर हो सकेगा। बच्चों की अकादमिक प्रगति और परीक्षा पर चर्चा से परीक्षा के समय बच्चों को मानसिक तनाव से दूर रखा जा सकता है। मिडिल स्कूल लिमतरा के प्रधान पाठक केके पटेल ने बताया कि जाति और निवास प्रमाण पत्र की जानकारी व बनाने की सुविधा स्कूल के माध्यम से दीं जाती है। प्राथमिक शाला कर्रा की प्रधान पाठक ममता देवांगन ने सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए शासन की योजना न्यौता भोजन कराया जाता है इसके अंतर्गत कोई भी पालक या जन प्रतिनिधि महत्वपूर्ण अवसर जैसे जन्म दिन, विवाह या अन्य अवसर पर बच्चों को रुचिकर और पौष्टिक भोजन करा सकते है। कुम्भकार सर ने शासन की ओर से कक्षा 1 से 10 तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तक व गणवेश वितरण की जानकारी दी। प्रा.शा. पहरीपारा की प्रभारी श्रीमती कातिका ध्रुव ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर व विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा पर जानकारी दी। प्राथमिक शाला कन्या लिमतरा की प्रधानपाठक सुश्री रश्मि छाबड़ा ने डिजिटल प्लेटफॉर्म और टेक्नोलॉजी के बारे में जानकारी देते हुए दीक्षा एप, ई जादुई पिटारा और डिजिटल पुस्तकालय से अवगत कराकर कुछ पालकों से बैठक स्थल में ही एप को इंस्टाल कराया। प्रा शा दैहानपारा के प्रधानपाठक ओम प्रकाश पटेल ने मध्यान्ह भोजन योजना के बारे में विस्तार से बताया। प्राथमिक शाला खपरी के प्रधान पाठक मोतीचंद मरकाम द्वारा विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियों के बारे में बताया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दर्रीघाट के चिकित्सक उमेश पटेल द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता पर चर्चा की गयी।कर्रा के सरपंच ने बैठक में सक्रिय और टॉपर्स बच्चों के पालकों को सम्मानित किया। बैठक को पालकगण सुखसागर कौशिक, श्याम कैवर्त, कृष्ण चंद्राकर ने भी सम्बोधित किया।
मेगा बैठक का संचालन सीएसी अरुण जायसवाल और आभार प्रदर्शन प्रतिनिधि नागराज डहरे द्वारा किया गया। इस अवसर पर मिडिल स्कूल कर्रा की प्रधानपाठक श्रीमती सरोज आर्मो, नीलिमा पाण्डेय, विनीता सूर्यवंशी, अश्वनी लहरे विशेषर कुंभकार, सतीश तंबोली, रामखिलावन तंबोली, राजकुमार रात्रे, दीपक साहू, रामेन्द्र देवांगन, मंजुला पाटले, कृष्ण कुमार साहू,शिव केवर्त, नवीन शर्मा, विजय साहू आदि शिक्षक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here