Along with making students members, also inform them about the objectives of Red Cross
राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी श्री राउत ने बैठक लेकर जिले में सोसायटी के गतिविधियों की समीक्षा की
उत्तर बस्तर कांकेर, 30 अगस्त 2024/ इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सह जनरल सेक्रेटरी श्री एम.के. राउत ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला रेडक्रॉस के पदाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान रेडक्रास सोसायटी छत्तीसगढ़ के चेयरमेन श्री अशोक अग्रवाल एवं कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर उपस्थित थे।
श्री राउत ने अधिक से अधिक लोगों को जिला रेडक्रॉस सोसायटी का सदस्य बनाने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सदस्य बनाने के साथ-साथ उन्हें रेडक्रॉस के बारे में जानकारी भी दें। उन्हें रेडक्रॉस के उद्देश्य के बारे में बताते हुए उनके मन में निष्पक्ष मानव सेवा की भावना जागृत करें। उन्होंने प्राथमिकता सहायता प्रशिक्षण शिविर के आयोजन के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि जिले में महाविद्यालयों, स्कूलों में तथा पुलिस विभाग, होम गार्ड और श्रमिक वर्ग के साथ ही जिले के खनन क्षेत्रों में भी प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण शिविर आयोजन करें। श्री राउत ने जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कहा कि राज्य के कुछ जिलों में वृद्धाश्रम का संचालन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किया जा रहा है। यहां भी इस दिशा में प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने निक्षय मित्र अभियान के तहत मरीजों के लिए अधिक से अधिक जिले में टी.बी. मरीजों के लिए निक्षय मित्र बनाने को भी कहा।
इसके अलावा बैठक में जनरल सेक्रेटरी श्री राउत ने जिला रेडक्रॉस की वर्तमान गतिविधियां, सदस्यता अभियान, रेडक्रॉस दवा दुकान, ब्लड सेंटर, एम्बुलेंस का संचालन, स्कूलों और महाविद्यालयों में रेडक्रॉस का गठन इत्यादि के बारे में विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने राज्यस्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण सह सद्भावना जम्बूरी के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही उन्होंने रेडक्रॉस के जिला स्तरीय समिति का शीघ्र गठन के लिए भी निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने बैठक के प्रारंभ में जिले में रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में सोसायटी के 551 सदस्य हैं। सोसायटी द्वारा प्राथमिक सहायता शिविरों में 300 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि 193 शासकीय व अशासकीय शालाओं में जूनियर रेडक्रॉस इकाई तथा सभी महाविद्यालयों में यूथ रेडक्रॉस इकाईयों का गठन किया गया है। साथ ही निक्षय मित्र अभियान के तहत कुल 431 निक्षय मित्र बनाए गए हैं।
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश सांडिया, जिला संगठक श्री पवन सेन तथा जिला रेडक्रॉस समिति के सदस्यगण व अधिकारीगण उपस्थित थे।


