Home Blog ग्राम बारवी में लगाया गया जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर

ग्राम बारवी में लगाया गया जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर

0

District level public problem resolution camp was organized in village Barvi

मौके पर कुल 125 आवेदन प्राप्त हुए

Ro.No - 13672/156

उत्तर बस्तर कांकेर, 18 सितम्बर 2024/ कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन आज भानुप्रतापपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायत बारवी में किया गया। जहां पर कुल 125 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 121 मांग और 04 शिकायत शामिल थे। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार मौके पर निराकरण किया गया। शिविर स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के 06 हितग्राहियों को द्वितीय किश्त की राशि का स्वीकृति पत्र भेंट किया गया तथा राष्ट्रीय मृदा स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत् 18 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। इसी तरह ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत् वन विभाग की ओर से फलदार, छायादार पौधे निःशुल्क बांटे गए।
भानुप्रतापपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायत बारवी में आज आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या शिविर में स्वास्थ्य, आयुष विभाग द्वारा ग्रामीणों का उपचार कर उन्हें निःशुल्क औषधि वितरित की गई। इसी तरह पशु चिकित्सा विभाग द्वारा गौ-वंशीय एवं भैंस-वंशीय मवेशियों का उपचार कर मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। शिविर में सर्वाधिक 37 आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, 20 कृषि विभाग, 10 स्कूल शिक्षा विभाग तथा 7-7 विद्युत एवं खाद्य विभाग को मिले। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए नियमानुसार मौके पर निराकृत किया गया। इस अवसर पर मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमंत धु्रव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शिविर का लाभ उठाने का आहवान किया। साथ ही सभी बच्चों को नियमित स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्र भेजने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् प्राप्त राशि का उपयोग घर निर्माण में ही करने की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमित अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत द्वितीय किश्त की राशि आबंटित कर दी गई है, जिसे हितग्राहियों के बैंक खाते में अंतरित कराया जा रहा है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से केन्द्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
इस दौरान कृषि विभाग द्वारा ग्राम चारगांव के रमेश कुमार कोमरा, निर्मला कावड़े, बलदेव कावड़े, रामलाल कावड़े, राजूराम कावड़े, रामसिंग कावड़े, असारोबाई कावड़े, रामदेव तेता तथा ग्राम बारवी की राधाबाई दीपक, शिवप्रसाद कांगे, चान्दूराम, अर्जुन सिंह, राधेश्याम हिचामी और ग्राम बरबसपुर के बासन हुर्रा, सदाराम उसेण्डी, मीनेश कुमार, बीरेश कुमार और सुरेश कुमार को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदाय किया गया। इसी तरह पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् श्रीमती सीताबाई, श्री रामदेव तेता, बलदेव, सरिता बाई, हरिचंद तथा ग्राम मुंगवाल के श्री रामनाथ सलाम को द्वितीय किश्त की राशि का स्वीकृति पत्र भेंट किया गया। शिविर में अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण जन काफी संख्या में मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here