*समाचार*
उत्तर बस्तर कांकेर 26 सितम्बर 2024/ कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेश क्षीरसागर के निर्देशानुसार प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यालयों में प्रशासनिक कसावट एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हेतु विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा बैठक जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें शैक्षिक गतिविधियों की एजेंडावार एव विकासखंडवार समीक्षा की गई। सीईओ श्री अग्रवाल ने संकुल समन्वयकों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से विद्यालय की मानिटरिंग कर विद्यालय के मूलभूत आवश्यकता के साथ-साथ योजनाओं का क्रियान्वयन तथा बच्चों के शैक्षणिक गुणवत्ता पर विषेष ध्यान दें। बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ साथ प्रतियोगी परीक्षा की जानकारी तथा विद्यालय स्तर पर तैयारी कराई जावे। उन्होंने विभाग में चल रहे शैक्षणिक कार्यों के लिए प्रशंसा करते हुए जवहर नवोदय, सैनिक स्कूल, एकलव्य विद्यालय, प्रयास विद्यालय, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाणपत्र, राष्ट्रीय साधन सह छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी की भी समीक्षा की।
जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उल्लास कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश भी दिये गये। बैठक में जिला मिशन समन्वयक रवि मिश्रा, विभाग के अधिकारीगण सहित बीआरसीसी व संकुल समन्वयक उपस्थित थे।



