Chief Minister Sai handed over housing completion certificates to 36 beneficiaries in Raigarh
मुख्यमंत्री ने सौंपी खुशियों की चाबी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चार माह पहले जिन पीएम आवास निर्माण को दी थी स्वीकृति, निर्माण पूरा होने पर सौंपी घरों की चाबी
65 वर्षीय राधिका बाई ने कहा मुख्यमंत्री के संवेदनशील प्रयासों से मिला जीवन का पहला पक्का मकान
रायगढ़ / खुद के पक्के मकानों का सपना संजोए लोगों की आस अब तेजी से पूरी हो रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पीएम आवास के कार्यों को न सिर्फ तेजी से स्वीकृति मिल रही है बल्कि आवासों का निर्माण भी उसी गति से पूरा किया जा रहा है। ताकि हितग्राहियों को उनका पक्का आशियाना जल्द मिल सके।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान जिले में वर्ष 2024-25 के तहत 4 माह पहले स्वीकृत आवासों की पूर्णता पर हितग्राहियों को बधाई दी और उन्हें आवास पूर्णता प्रमाण पत्र और घरों को चाबी सौंपी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारा प्रयास है कि सभी स्वीकृत आवासों के निर्माण शीघ्र पूरे हों और हितग्राही जल्द अपने आवासों में गृह प्रवेश करें।
इस दौरान हितग्राहियों ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील प्रयासों से हमारे आवास निर्माण का सपना पूरा हो सका है। इनमें पुसौर की 65 वर्षीय राधिका बाई भी शामिल थी। उन्होंने कहा कि पूरा जीवन कच्चे मकान में निकल गया। इस बुढ़ापे में यह खयाल आता था कि खुद के पक्के मकान का सपना सपना ही न रह जाए। लेकिन मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर आवास स्वीकृति से लेकर निर्माण में तेजी से काम हो रहा है। चार माह पहले ही हमें आवास की स्वीकृति मिली थी। सारी किश्तों का समय से भुगतान हुआ। अब हमारा पक्का मकान बन कर तैयार हो गया है। अब सुकून है कि हमारा भी खुद का पक्का घर है।




