नारायणपुर@ छ.ग.पीएससी द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा -2023 में अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी, वित्त विभाग में चयनित होने पर कुमुदनी देहारी को अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ जिला नारायणपुर ने 03 दिसंबर, मंगलवार को उनके गृहनिवास पहुंचकर सफलता पर बधाई दी गई। चयनित अधिकारी ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत एवं परिवार के समर्थन को दिया।
छ.ग.लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2023 के लिए विज्ञापित पदों की संख्या 242 थी। कठिन परीक्षा में सफलता के लिए कड़ा परिश्रम,धैर्य, निरंतरता एवं लगन की आवश्यकता होती है।
कुमुदनी देहारी ने बातचीत के दौरान जानकारी दी कि वे सेवानिवृत्त शिक्षक गजेन्द्र देहारी की बेटी हैं। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर छोटेडोंगर एवं 12 वीं तक की पढ़ाई शा.बालक उमावि नारायणपुर से पूर्ण कर इंजीनियरिंग कॉलेज रायपुर से इंजीनियरिंग स्नातक हैं। वर्तमान में वे राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर कार्यरत हैं। मेधावी छात्रा के रूप में 10 वीं में 82% से अधिक अंक अर्जित करने पर मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजनांतर्गत दस हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया है।
संघ के जिलाध्यक्ष अशोक उसेंडी ने कुमुदनी देहारी एवं उनकी माता राधा देहारी का मुंह मिठाकर बधाई दी। बुके एवं अंगवस्त्र भेंटकर उत्साहवर्धन किया एवं उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान बधाई देने महासचिव भागेश्वर पात्र, सचिव हरेश ठाकुर, संयुक्त सचिव कोत्ता गार्डी, डॉ.दीपेश रावटे, कार्यकारिणी सदस्य चुम्मन सुधाकर, धनेश्वरी नाग, तुलाराम नेताम,लोकेश मरकाम, सुखराम वड्डे,अभिमन्यु पात्र, माधव पात्र एवं शुभचिंतक उपस्थित हुये।


