रायगढ़ । चक्रधर नगर पुलिस ने आज शाम तीन शोहदों को उनकी औकात दिखाते हुए मजनूगिरी के आरोप में जेल दाखिल कर दिया । चक्रधरनगर पुलिस के इस कदम से जहां आम लोगों में खुशी और राहत का भाव है , वहीं सड़कछाप मजनुओं की सिट्टी पिट्टी गुम हो गई है। दरअसल आज शाम चक्रधर नगर पुलिस को खबर मिली कि तीन युवक शहर के कमला नेहरू गार्डन में बदतमीजी कर रहे हैं और लोगों को परेशान कर रहे हैं । आपको बता दें कि कमला नेहरू गार्डन शहर का इकलौता गार्डन है जहां आम लोग सपरिवार शाम को तफरीह करने पहुंचते हैं । ऐसे में , सड़कछाप शोहदों की छिछोरी हरकतों से लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है । आज शाम को चक्रधर नगर पुलिस थाना के टी आई प्रशांत राव ने खबर मिलते ही अपने सहयोगियों को मामले की तफ्तीश के लिए भेजा। कमला नेहरू गार्डन में जूट मिल पुलिस चौकी निवासी तीन युवकों युनुस खान पिता यूसुफ खान , ऋषिकेश साहू पिता बाबूलाल साहू और हरि यादव पिता रामकुमार यादव सभी निवासी जूट मिल पुलिस चौकी , सामने गली , को पुलिस ने हंगामा करते हुए पाया । तीनों युवक सरेआम कपड़े उतार कर अंग प्रदर्शन कर रहे थे । इससे गार्डन में बहुत अप्रिय स्थिति निर्मित हो गई । पुलिस द्वारा रोकने और समझाइश देने का भी उन मनचले युवकों पर कोई असर नहीं पड़ा। उल्टे वे पुलिसकर्मियों से ही उलझ पड़े और बहस करने लगे । ऐसे में थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस बल द्वारा तीनों युवकों को मजनूगिरी के आरोप में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते धारा 170 डी एन एस एस के अंतर्गत हिरासत में ले लिया गया। युवकों को एस डी एम कोर्ट में पेश किया गया जहां उन्हें जेल वारंट पर जेल दाखिल किया गया ।
चक्रधरनगर पुलिस के इस कदम की लोगों में खूब चर्चा हो रही है और इसका लोगों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। आम लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की तारीफ करते हुए इसे जरूरी बताया । मालूम हो कि चक्रधरनगर थाना प्रभारी क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए सुबह शाम पुलिस पेट्रोलिंग करवाते हैं जिससे असामाजिक तत्वों में भय का माहौल है वहीं आम पब्लिक अपने को सुरक्षित महसूस करती है । उनका कहना है कि अब बहु बेटियों को बाहर घूमने में भय नहीं लगता और वे सुरक्षित महसूस करते हैं । वास्तव में चक्रधरनगर पुलिस का असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह त्वरित कदम कबीले तारीफ है जिसका संदेश सकारात्मक है ।



