Keys of six new vehicles were handed over to the municipality to promote the campaign
विधायक एवं कलेक्टर ने हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
उत्तर बस्तर कांकेर / स्वच्छता अभियान के अंतर्गत नगर को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से छः नये वाहनों की चाबी नगर पालिका परिषद कांकेर को सौंपी गई। यह वाहन 15वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त राशि से खरीदा गया है। विधायक श्री आशाराम नेताम एवं कलेक्टर श्री निलेश महादेव क्षीरसागर ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
कांकेर के मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कांकेर के विधायक श्री आशाराम नेताम ने संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित स्वच्छता कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार एवं उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में जिले के नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराने एवं नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से 15वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि से नगर पालिका परिषद कांकेर को छह स्वच्छता वाहन प्रदान किया गया है। उन्होंने वाहनों की चाबी सौंपते हुए कहा कि वाहनों की रखरखाव के साथ कांकेर शहर को हमें स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना है ताकि यहां के आम जनता स्वस्थ्य रह सकें। उन्होंने शहर में मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की भी बात कहीं। इस अवसर पर 15वें वित्त आयोग योजनांतर्गत 15 नग ट्राई साईकिल, 30 नग व्हील बैरो, 04 नग मिनी टिप्पर, 02 नग ट्रेक्टर ट्राली, 02 नग ट्रेक्टर इंजन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, मत्स्य कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, जनपद अध्यक्ष श्री रामचरण कोर्राम, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी, सीएमओ सोहेल कुमार तथा स्वच्छता दीदीयों और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।





