रायगढ़। ठंड के मद्देनजर जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा जिला अस्पताल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद डिस्चार्ज से पहले मरीजों को कंबल वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन मुकेश शर्मा और सदस्य प्रेम नारायण मौर्य ने मरीजों को कंबल प्रदान किए एवं उनका हालचाल जाना।
मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर जारी, 300 से अधिक मरीज लाभान्वित
जिला अस्पताल में रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में 27 फरवरी 2025 तक मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत अब तक 300 से अधिक मरीजों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है और सभी मरीजों को कंबल भी वितरित किए गए हैं। आगे भी इस पहल को जारी रखते हुए प्रत्येक ऑपरेशन के बाद मरीजों को कंबल प्रदान किए जाएंगे।
सामाजिक संगठनों की भागीदारी, मरीजों को मिल रहा लाभ
इस मानवीय पहल में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठन भी सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहे हैं। उनकी सहभागिता से इस अभियान को और मजबूती मिल रही है, जिससे अधिक से अधिक मरीजों को राहत मिल सके।
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने किया शिविर का शुभारंभ
इस विशेष शिविर का शुभारंभ रायगढ़ कलेक्टर कार्तिकेया गोयल द्वारा किया गया था। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा मिल सके।
रेडक्रॉस सोसायटी की टीम का विशेष योगदान
इस पूरे अभियान में प्रांतीय अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष एवं रेडक्रॉस के प्रदेश प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, रेडक्रॉस के चेयरमैन मुकेश शर्मा, कोषाध्यक्ष रामनिवास मोड़ा, सुभाष अग्रवाल (चिराग), शिव तायल , प्रेम नारायण मौर्य सहित प्रबंधकारिणी के समस्त सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रेडक्रॉस सोसायटी की यह पहल जरूरतमंद मरीजों के लिए राहतभरी साबित हो रही है, जिससे उनका स्वास्थ्य सुधारने के साथ-साथ ठंड से बचाव भी हो रहा है।



