The District Election Officer expressed his gratitude to the voters and the officers and employees involved in the elections
कहा- मतदाताओं की सतत् सहभागिता से मिले बेहतर परिणाम
नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2025
उत्तर बस्तर कांकेर, 12 फरवरी 2025/ नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2025 मंगलवार 11 फरवरी को नगरपालिका परिषद कांकेर सहित नगर पंचायत चारामा, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ और पखांजूर में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। नगरीय निकाय निर्वाचन के तहत जिले के कुल 38275 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 18638 पुरूष मतदाता, 19634 महिला और 03 तृतीय लिंग मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने अब तक हुए नगरीय निकाय चुनावों में इस बार सर्वाधिक मतदान किए जाने पर जिले के जागरूक मतदाताओं का आभार प्रकट किया है।
कलेक्टर ने लोकतंत्र पर आस्था रखने वाले सभी मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि जिले के कुल 81 वार्डों में 38275 मतदाता (81.13 प्रतिशत) मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करके अध्यक्ष एवं पार्षद पदों के लिए मतदान किया है। इनमें 18638 पुरूष मतदाता, 19634 महिला मतदाता और 03 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल रहे। इस प्रकार जिले में मतदान करने वाले पुरूष मतदाताओं की सहभागिता का प्रतिशत 83.36, महिला मतदाताओ की सहभागिता 79.13 फीसदी रही, जिसके लिए सभी मतदाता बधाई के हकदार हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगे कहा कि जिले में मतदान का प्रतिशत बढ़े, इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) चलाया गया। इसके तहत जिले के नगरीय निकाय क्षेत्रों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही आदर्श मतदान केन्द्र भी स्थापित किए गए थे, जिसका सकारात्मक परिणाम सबके समक्ष है। इसी प्रकार
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री क्षीरसागर ने नगरीय निकाय निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी अधिकारियों और कर्मचारियों, विशेष रूप से मतदान अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों और मतदाताओं की सुविधा और सेवा में लगे मतदाता मित्र (स्काउट गाइड के वॉलंटियर्स) के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि नगरीय निकाय निर्वाचन में सभी ने अपनी क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जो काफी प्रशंसनीय रहा। इसके अलावा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में संलग्न बीएलओ की भूमिका सराहनीय रही। इसी तरह निर्वाचन कार्य में प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति उन्होंने आभार व्यक्त किया है।



