Home Blog किसानों को ऑर्गेनिक खेती अपनाने का दिया संदेश

किसानों को ऑर्गेनिक खेती अपनाने का दिया संदेश

0

Message given to farmers to adopt organic farming

किसान मेला में शामिल हुए वन मंत्री केदार कश्यप

Ro.No - 13672/156

रामकृष्ण मिशन आश्रम में आयोजित कृषि प्रदर्शनी का किया अवलोकन

रायपुर / वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप नारायणपुर जिला स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम के इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय किसान मेला में शामिल हुए। वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाने के लिए कृषि उत्पादन लागत को कम करना, अधिक उपज प्राप्त करना और उपज का उचित मूल्य दिलाना अत्यंत आवश्यक है। इस किसान मेले के माध्यम से किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, जैविक खेती और आधुनिक साधनों के उपयोग की जानकारी देकर उन्हें बेहतर किसानी के लिए प्रेरित किया गया।

वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों पर ब्याज का बोझ कम करने के लिए कृषि ऋण को 14 प्रतिशत से घटाकर शून्य प्रतिशत कर दिया गया है। इसके साथ ही, किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की गई।

मंत्री श्री कश्यप ने किसानों से ऑर्गेनिक खेती अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जैविक खेती न केवल भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखती है, बल्कि इससे उपज भी अधिक पोषक तत्वों से भरपूर होती है। उन्होंने किसानों को स्वास्थ्य और मिट्टी की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए रासायनिक खाद के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी।

कार्यक्रम के प्रारंभ में रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानंद जी महाराज ने आश्रम द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को केला, पपीता, साग-सब्जी और बागवानी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। स्वामी व्याप्तानंद जी ने कहा कि रासायनिक खाद के अति प्रयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति कम हो जाती है और पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि हो सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगरपालिका अध्यक्ष श्री इंद्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी, सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक श्री रूपसाय सलाम, छोटेडोंगर सरपंच श्रीमती संध्या पवार, मछुआ कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री भरत मटियारा और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here