3 Maoists including one with Rs 7 lakh bounty killed, arms and explosives recovered
बीजापुर – बीजापुर के इन्द्रावती क्षेत्रान्तर्गत जंगल में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 7 लाख रुपये के इनामी सहित तीन माओवादी मारे गए। मारे गए माओवादियों में कुख्यात माटवाड़ा LOS कमाण्डर अनिल पूनेम भी शामिल है, जिस पर 5 लाख का इनाम घोषित था।
संयुक्त सुरक्षा बलों की कार्रवाई
माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ, कोबरा 210 और कोबरा 202 की संयुक्त टीम ने एंटी-नक्सल ऑपरेशन शुरू किया। 12 अप्रैल 2025 को सुबह करीब 9 बजे इंद्रावती क्षेत्र के पहाड़ी जंगल में मुठभेड़ शुरू हुई, जो रुक-रुक कर चलती रही।
मारे गए माओवादियों की पहचान
मुठभेड़ के बाद सर्च अभियान के दौरान तीन माओवादियों के शव बरामद हुए, जिनकी शिनाख्त इस प्रकार हुई:
अनिल पूनेम – एसीएम, माटवाड़ा LOS कमांडर, इनाम ₹5 लाख। उसके खिलाफ बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में कुल 22 आपराधिक मामले दर्ज थे और 5 स्थाई वारंट लंबित थे।, पालो पोड़ियाम – माटवाड़ा LOS सदस्य, इनाम ₹1 लाख। उस पर बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में 5 मामले दर्ज हैं।
दीवान मड़कम – माटवाड़ा LOS सदस्य, इनाम ₹1 लाख। उस पर भी 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हथियार और सामग्री की बरामदगी
मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और माओवादी सामग्री बरामद की गई: 02 नग 12 बोर रायफल्स (05 राउंड), 01 नग सिंगल शॉट 315 रायफल (04 राउंड)
विस्फोटक सामग्री, माओवादी वर्दी, साहित्य, दवाइयां और दैनिक उपयोग की वस्तुएं
इस सफल अभियान से सुरक्षाबलों ने माओवादियों को एक और बड़ा झटका दिया है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है। सुरक्षा बलों का अभियान क्षेत्र में जारी है।



