Chief Minister Shri Sai held division level review meeting in Jagdalpur
विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में हुई कांकेर जिले की सराहना की
कहा, नक्सलवाद के खात्मे के साथ रोजगारमूलक सृजनात्मक कार्य बेहद जरूरी
उत्तर बस्तर कांकेर, 16 अप्रैल 2025/ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय कल 15 अप्रैल से जगदलपुर के दो दिवसीय प्रवास पर रहे। आज दूसरे दिन बस्तर संभाग के कांकेर सहित सभी सातों जिलों की योजनावार समीक्षा की। इस दौरान आयुष्मान कार्ड, आधार, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युतीकरण, किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड, एफआरए पट्टा, नियद नेल्लानार सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा मुख्यमंत्री ने कर जानकारी ली। कतिपय योजनाओं में बेहतर क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की सराहना की। कांकेर जिले में योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने पीपीटी के माध्यम से दी।
जगदलपुर के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में जानकारी देते हुए बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में लक्ष्य के विरुद्ध 93 प्रतिशत की उपलब्धि रही। इसी तरह लक्ष्य के विरुद्ध आधार कार्ड बनाने के मामले में 99 प्रतिशत, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 69.52 प्रतिशत, हाउस होल्ड विद्युतीकरण में 100 प्रतिशत, केसीसी निर्माण में 97 प्रतिशत, किसान सम्मान निधि योजना में 83 फीसदी, एफआरए पट्टा वितरण के मामले में शत प्रतिशत उपलब्धि कांकेर जिले ने हासिल की। बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने एजेंडावार योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्र के सतत् सहयोग से बस्तर अब लाल आतंक से मुक्त होने जा रहा है। नक्सलवाद के समूल समाप्ति के लिए युद्ध स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि बस्तर ओलंपिक, बस्तर पण्डुम जैसे आयोजनों में काफी तादाद में युवाओं की सहभागिता बताती है कि यहां के लोग माओवाद से मुक्ति चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्च 2026 के बाद सभी जिलों में रोजगारमूलक सृजनात्मक कार्यों पर फोकस किया जाएगा, यह बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर कमिश्नर सहित सभी कलेक्टरों को इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने हेतु निर्देशित किया।समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, डीजीपी श्री अरूण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पीसीसीएफ श्री श्रीनिवास राव, बस्तर संभाग के आयुक्त श्री डोमन सिंह, आईजी पुलिस, सभी जिलों के कलेक्टर्स, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, जिला पंचायत सीईओ, नगर निगम आयुक्त सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।





