Home Blog इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में घायल बाघ का सफल रेस्क्यू, नवा रायपुर भेजा...

इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में घायल बाघ का सफल रेस्क्यू, नवा रायपुर भेजा गया इलाज के लिए

0

Successful rescue of injured tiger in Indravati Tiger Reserve, sent to Nava Raipur for treatment

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – बीजापुर इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र बीजापुर बफर के कक्ष क्रमांक 135 में एक घायल नर बाघ को ग्रामीणों ने देखा, जो अपने पिछले पैरों से लंगड़ाता हुआ नजर आया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

Ro.No - 13759/40

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव) सुधीर अग्रवाल के निर्देशानुसार, दिनांक 16 अप्रैल 2025 को मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक आर.सी. दुग्गा और उप निदेशक संदीप बलगा के नेतृत्व में एक संयुक्त रेस्क्यू टीम गठित की गई। टीम में नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के पशु चिकित्सक, इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजय रौतिया, अधीक्षक मनोज बघेल, पामेड़ अभ्यारण्य के सुखदास नाग, भैरमगढ़ अभ्यारण्य के मोहन सिंह नायक सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे।

रेस्क्यू के दौरान यह पाया गया कि बाघ के दोनों पिछले पैर तार के फंदे में फंसे हुए थे, जिससे उसमें गंभीर घाव हो गया था। मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया गया तथा तत्पश्चात घायल बाघ को बेहतर चिकित्सा और देखभाल हेतु जंगल सफारी, नवा रायपुर भेजा गया।

घटना को वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के अंतर्गत एक गंभीर वन अपराध मानते हुए पी.ओ.आर. क्रमांक 2903 / 02 दिनांक 16 अप्रैल 2025 को दर्ज किया गया है। वन विभाग द्वारा घटनास्थल के आसपास जांच तेज कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के पकड़े जाने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इन्द्रावती टाइगर रिजर्व द्वारा इस साहसिक एवं सफल रेस्क्यू ऑपरेशन की सराहना की जा रही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल विभाग को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here