PHE department is active in the district, inspecting villages and repairing damaged hand pumps
उतर बस्तर कांकेर 22 अप्रैल 2025/ विशेष अभियान का तहत भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। पीएचई विभाग की टीमें पानी के स्रोतों की जांच कर रही हैं और बंद पड़े हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य भी तेजी से जारी है।
इसी कड़ी में गत दिवस ग्राम घोटिया, मैनपुर, कोटगांव(नीचे) और चिनौरी में जल जीवन मिशन के अंतर्गत की जा रही व्यवस्थाओं का विभागीय टीमों ने जायजा लिया। इस दौरान सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से चर्चा कर पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया। पानी की गुणवत्ता की जांच भी की जा रही है, ताकि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या से ग्रामीणों को बचाया जा सके। पीएचई विभाग ने मरम्मत योग्य हैंडपंपों को प्राथमिकता के आधार पर सुधारने का निर्देश दिया है। ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की जल संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए विभाग द्वारा टोल फ्री नंबर 1800-233-0008 जारी किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय है। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।




