*जिला पंचायत अध्यक्ष ने की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा*
उत्तर बस्तर कांकेर 23 अप्रैल 2025/ जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आज अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें शासन की योजनाओं की पहुंच प्रत्येक गांव और पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने अपूर्ण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्माणाधीन कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने निर्देश भी दिए।
जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज आयोजित बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य रूप से निर्माण कार्य, स्वास्थ्य पेयजल, कृषि, उद्यानिकी, शिक्षा, खाद्य सहित विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की सिलसिलेवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें और कार्य में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत देते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में नल-जल योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई और संबंधित विभाग को कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी, जिला पंचायत के सदस्यगण एवं संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



