Sushasan Tihar 2025: Press conference of Bijapur Collector Sambit Mishra to ensure reach of schemes to the last person
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – कलेक्टर संबित मिश्रा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में सुशासन तिहार 2025 के उद्देश्यों और अब तक की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार आम जनता तक शासकीय योजनाओं को पारदर्शिता और समयबद्धता से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कलेक्टर ने बताया कि सुशासन तिहार का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में 8 से 11 अप्रैल के बीच आम जनता से 22,880 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 20,138 का निराकरण किया जा चुका है और शेष 2,742 आवेदनों पर कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि शिकायतों की संख्या 265 रही, जिनमें से 205 का समाधान हो चुका है जबकि 60 आवेदन लंबित हैं।
दूसरे चरण में इन आवेदनों को स्कैन कर संबंधित विभागों को ऑनलाइन और भौतिक रूप से भेजा गया है, और गुणवत्तापूर्ण निराकरण की प्रक्रिया चल रही है। मांग से संबंधित मामलों में बजट की उपलब्धता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि तीसरे और अंतिम चरण की शुरुआत 5 मई से होगी, जो 30 मई 2025 तक चलेगा। इस दौरान जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में कुल 35 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे 24 ग्रामीण क्षेत्रों में और 11 नगरीय क्षेत्रों में। इन शिविरों में आवेदकों को उनके आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और हितग्राहीमूलक योजनाओं के आवेदन पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
कलेक्टर ने बताया कि इस चरण में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, मुख्य सचिव, प्रभारी सचिव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शिविरों में शामिल होकर आम जनता से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री स्वयं विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे और योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक लेंगे। इसके अलावा वे जिला मुख्यालय पर समीक्षा बैठक एवं प्रेस वार्ता भी करेंगे।
अंत में कलेक्टर संबित मिश्रा ने जिले के सभी पत्रकारों से सुशासन तिहार के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें और इसका लाभ उठा सकें। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर जोगश्वर कौशल और जिले के कई पत्रकार गण उपस्थित थे।



