बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिला वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित बीजापुर प्रेस विज्ञप्ति जारी करते बताया कि वर्ष 2025 के लिए तेन्दूपत्ता संग्रहण हेतु 121600 मानक बोरा का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शासन की नीति के अनुसार इस वर्ष संग्रहण कार्य विभागीय स्तर पर किया जा रहा है।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मई के प्रथम सप्ताह से तेन्दूपत्ता तोड़ाई कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद थी, किंतु अप्रत्याशित आंधी, तूफान व भारी वर्षा के कारण कार्य में विलंब हुआ। इसी संदर्भ में 08 मई को जगदलपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य वनसंरक्षक एवं पदेन मुख्य महाप्रबंधक आर.सी. दुग्गा तथा कार्यकारी संचालक माणिवासगन एस. ने ग्राम प्रतिनिधियों, जोनल अधिकारियों एवं फड़ प्रबंधकों को संबोधित किया।
बैठक में तेन्दूपत्ता संग्राहकों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें राजमोहिनी देवी सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना, सामूहिक बीमा योजना, तथा छात्रवृत्ति योजना शामिल हैं। साथ ही, अधिकारियों ने तेन्दूपत्ता तोड़ाई कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश भी जारी किए।
इन निर्देशों के अनुपालन में आज 09 मई से समिति बरदेला के तेन्दूपत्ता संग्राहकों द्वारा तेन्दूपत्ता तोड़ाई कार्य की विधिवत शुरुआत कर दी गई है। सभी संग्राहकों से अपील की गई है कि वे सक्रिय रूप से तोड़ाई कार्य करें एवं फड़ों में पत्ता जमा करें, ताकि लक्ष्य की पूर्ति समय पर सुनिश्चित की जा सके।




