Summer sports camp started in Bijapur, 400 children will get training in 8 sports
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर में जिले भर से आए लगभग 400 छात्र-छात्राओं को कबड्डी, व्हालीबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, सॉफ्ट बॉल, जूडो-कराते, तैराकी और बैडमिंटन जैसे आठ खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर का उद्घाटन करते हुए कलेक्टर संबित मिश्रा ने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह समय अपनी छिपी हुई क्षमताओं को पहचानने और उन्हें तराशने का है। उन्होंने बताया कि शिविर में बीजापुर स्पोर्ट्स एकेडमी के अनुभवी कोच और पीटीआई नियमित अभ्यास और नियमों की जानकारी देकर बच्चों को प्रशिक्षित करेंगे।
जिला खेल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर एन. पी. गवेल ने जानकारी दी कि बीजापुर, भैरमगढ़, उसूर और भोपालपटनम जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से आए बच्चों के लिए एजुकेशन सिटी के एकलव्य छात्रावास में आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है, जिसकी निगरानी शिक्षा एवं जनजातीय विभाग के कर्मचारी कर रहे हैं।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग फ्लैश मॉब नृत्य प्रस्तुत कर अपनी खुशी व्यक्त की और जिला प्रशासन का आभार जताया।
इस अवसर पर एसडीएम जागेश्वर कौशल, जिला शिक्षा अधिकारी एल. एल. धनेलिया, उप संचालक कमलेश पटेल, एपीसी जाकिर खान, बीईओ कंडिक नारायण, बीआरसी राजेश मिश्रा, एबीईईओ दीपक कोंडरा सहित सभी खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
खेल के साथ बौद्धिक विकास पर भी जोर
खेलों के साथ-साथ बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए दोपहर में सामान्य ज्ञान की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इनमें करियर गाइडेंस, साइबर क्राइम, वित्तीय साक्षरता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, यातायात नियम, और पर्यावरण सुरक्षा जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को एक्सपोजर विजिट के तहत जिला कार्यालय, जिला पंचायत, जिला अस्पताल, बैंक, पोस्ट ऑफिस और पुलिस विभाग का दौरा कराकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाएगा।




