बीजापुर@दक्षिण बस्तर के सुकमा और बीजापुर जिलों की सरहद पर सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच 22 मई को दो अलग-अलग जगहों पर भीषण मुठभेड़ें हुईं। इन संयुक्त अभियानों में प्रतिबंधित संगठन CPI (माओवादी) के दो एरिया कमेटी सदस्य मारे गए, जबकि एक वीर कोबरा जवान शहीद हो गया। मुठभेड़ों के बाद दोनों स्थानों से बड़ी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की गई है। पेसलपाड़ मुठभेड़ (सुकमा जिला) पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि सुकमा जिले के थाना किस्टाराम क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर DRG, STF, कोबरा और CRPF की संयुक्त टीम 22 मई को अभियान पर रवाना हुई थी। उसी शाम पेसलपाड़ जंगलों में माओवादियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें एक वर्दीधारी हार्डकोर माओवादी ढेर हो गया। मृत माओवादी की पहचान माड़वी माडा के रूप में हुई है, जो CPI (माओवादी) के साउथ सब ज़ोनल ब्यूरो का डिप्टी कमांडर और एरिया कमेटी सदस्य था। मुठभेड़ स्थल पर खून के धब्बे और घसीटने के निशान अन्य माओवादियों के मारे जाने या घायल होने की संभावना को दर्शाते हैं।
पेसलपाड़ से बरामद सामग्री 9MM सर्विस पिस्टल – 1 नग, BGL लॉन्चर – 1 नग, BGL सेल – 9 नग, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर – 11 नग, 303 के कारतूस – 18 नग, पिस्टल के कारतूस – 2 नग ।
वायरलेस सेट, चार्जर और अन्य सामग्री
तुमरेल मुठभेड़ (बीजापुर जिला)
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि सुकमा और बीजापुर की सीमा पर माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर DRG, STF और कोबरा 210/208 की संयुक्त टीम ने 22 मई की सुबह थाना उसूर क्षेत्र के तुमरेल जंगलों में अभियान चलाया। यहां PLGA बटालियन 01 के माओवादियों से मुठभेड़ हुई।
इस मुठभेड़ में भी एक हार्डकोर माओवादी मारा गया, जिसकी पहचान संदेश उर्फ सन्नू के रूप में हुई है, जो साउथ बस्तर डिवीजन कमेटी का एरिया कमेटी सदस्य था।
तुमरेल से बरामद सामग्री, 12 बोर बंदूक, जिंदा राउंड, SLR के मैग्जीन, खाली खोखे, हैंड ग्रेनेड, विस्फोटक, रेडियो सेट, माओवादी वर्दी,बैनर, पाम्फलेट, साहित्य एवं अन्य सामग्री,
कोबरा जवान शहीद, अंतिम विदाई राजकीय सम्मान के साथ
तुमरेल मुठभेड़ में कोबरा 210 के जवान सोलंकी मेहुलभाई, निवासी देवगाना, जिला भावनगर (गुजरात) वीरगति को प्राप्त हुए। उन्हें माना, रायपुर में गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि दी गई और उनके गृह ग्राम में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
IGP बस्तर की चेतावनी
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पाटलिंगम ने बताया कि 21 मई को अबूझमाड़ में CPI माओवादी के शीर्ष कमांडर बासाराजू उर्फ बीआर दादा के मारे जाने के बाद संगठन बिखरने की स्थिति में है। कई नक्सली आत्मसमर्पण के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने माओवादी कैडरों को चेतावनी दी कि वे हिंसा का मार्ग त्यागें और मुख्यधारा में लौटें।



