Accused arrested with 30 litres of Mahua liquor in Gharghoda, police took action under Excise Act
रायगढ़ — जिले में अवैध शराब कारोबार पर लगातार कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने आज एक बड़ी कार्यवाही की। मुखबिर से मिली सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में उरांवपारा, घरघोड़ा में दबिश दी गई, जहां भारी मात्रा में हाथ भट्टी महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी रामभरोस उर्फ बंटू उरांव पिता मनबहाल उरांव (उम्र 38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 उरांवपारा, घरघोड़ा, अपने घर के सामने शराब बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ा और उसकी तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक जरिकेन से कुल 30 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 4,500 रुपये है।
थाना घरघोड़ा में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, प्रधान आरक्षक अरविंद कुमार पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल तथा महिला आरक्षक सुप्रिया सिंह सिदार की भूमिका उल्लेखनीय रही। थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेगा।




