Training was given to make people aware about the implementation and technical aspects of e-office
शासकीय कामकाज को सुगम, पारदर्शी व डिजिटल क्रांति लाने राज्य शासन की पहल
उत्तर बस्तर कांकेर, 11 जुलाई 2025/ राज्य सरकार द्वारा शासकीय कामकाज को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं आधुनिक तथा डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में नवाचार करते हुए ई-ऑफिस के द्वारा राज्य के सभी विभागों में ऑनलाईन कार्य किये जाने हेतु विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में ई-ऑफिस का प्रशिक्षण जिला पंचायत के सभा कक्ष में आज आयोजित किया गया। ई-ऑफिस के संबंध में राज्य स्तर के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें सभी विभागों से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य-संचालन का प्रशिक्षण कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की उपस्थिति में दिया गया।
इस दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने ई-ऑफिस के अंतर्गत ई-फाइल की वेबसाइट में शासकीय पत्राचार के ऑटोमेशन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से डैशबोर्ड, कन्टेन व्यू, रिसीट, क्रिएट, सेन्ट, इनबॉक्स के अलावा पीडीएफ अटैचमेंट, लेटर फारवर्डिंग, इनिशियालाइजिंग, एडिटिंग, नोटशीट क्रिएशन सहित विभिन्न प्रकार की तकनीकी एवं व्यावहारिक क्रियान्वयन प्रशिक्षण के माध्यम से दिया। इसके अलावा ई-ऑफिस का ऑनबोर्डिंग फार्मेट तैयार करना और एनआईसी द्वारा तैयार किए गए ई-मेल आईडी का उपयोग किए जाने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्र की दूसरी पाली में दोपहर 03 बजे से पीआईएमएस मॉड्यूल ट्रेनिंग के बारे में मास्टर ट्रेनर्स के द्वारा विस्तार से बताया गया। विदित हो कि निकट भविष्य में सभी शासकीय कार्यालयों में पेपरलेस वर्किंग कल्चर को बढ़ावा देने तथा कामकाज में अधिक पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से ई-ऑफिस लागू किया जा रहा है। इससे सभी विभागों को शासकीय कार्यों को निष्पादित करने में सुगमता होगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, एसडीएम कांकेर श्री अरूण वर्मा, नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर और सुश्री रानू मैथ्यूज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं शासकीय कार्यालयों के डाटा एंट्री ऑपरेटर व संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।




