उत्तर बस्तर कांकेर 17 जुलाई 2025/ युवा कौशल दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भारत सरकार की कार्ययोजना अंतर्गत कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार 15 जुलाई को युवा कौशल दिवस का आयोजन किया गया। इसके तहत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं की थीम पर बालिकाओं के बेहतर भविष्य के लिए कैरियर काउंसिलिंग कार्यशाला का आयोजन शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर में किया गया, जिसमें कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं की सभी छात्राएँ सम्मिलित हुईं। उक्त कार्यशाला में कैरियर मार्गदर्शन विशेषज्ञ सुनील नेताम ने छात्राओं को विभिन्न विषयों पर आधारित प्रतियोगी परीक्षाएँ की तैयारी, परीक्षाओं का स्तर एवं बेहतर भविष्य के विज़न के संबंध में जानकारी दी। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं नवा बिहान, कन्या भ्रूण हत्या के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विपिन जैन, नवा बिहान से महिला संरक्षण अधिकारी तुलसी मानिकपुरी, महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) से जिला मिशन समन्वयक लीलाधर नाग आदि उपस्थित थे।


