उत्तर बस्तर कांकेर, 23 जुलाई 2025/ जिले के शैक्षणिक स्थानों एवं निर्माण कार्यों के गुणवत्ता को बारीकी से देखने के लिए संयुक्त संचालक शिक्षा श्री राकेश पाण्डेय के द्वारा आज आकस्मिक निरीक्षण किया गया। सबसे पहले उन्होंने शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आतुरगांव में पहुँचकर जोन स्तरीय कला उत्सव कार्यक्रम में बच्चों एवं शिक्षकों को संबोधित किया। पाठ्यक्रम अनुसार विद्यालय में अध्यापन कर विद्यार्थी के समग्र विकास करने के लिये बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करने के निर्देश दिये गये।
तत्पश्चात् जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुँचकर कार्यालय की सभी शाखाओं का निरीक्षण कर अपूर्ण निर्माण कार्यो जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये साथ ही कक्षा 01 से 10वीं के कुल प्राप्त पुस्तकों को सभी बच्चों में वितरण कराने तथा किसी भी बच्चे के पास पुस्तक ना हो ऐसी शिकायत ना मिले के निर्देश भी दिए। कार्यालय के निरीक्षण के पश्चात् सभी शाखाओं के कार्यों से संतुष्ट हुये। श्री पाण्डेय प्राथमिक शाला नांदनमारा पहुँचकर बच्चों की शैक्षणिक स्तर की जानकारी बच्चों से ली एवं बच्चों को अध्यापन भी कराया। उसके पश्चात् जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर पाठ्यपुस्तक, गणवेश, सरस्वती सायकल योजना, एफ.एल.एन., पीएमश्री स्कूल के निर्माण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण किये जाने एवं समग्र शिक्षा से प्राप्त राशि को शीघ्र ही व्यय करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश कुमार निषाद, जिला मिशन समन्वयक श्री रवि प्रकाश मिश्रा, सहायक संचालक सहित जिला शिक्षा कार्यालय के कर्मचारी मौजूद थे।


