‘Atal Utkrishta Shiksha Yojana’ operated for the first two children of registered workers
कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा
उत्तर बस्तर कांकेर, 29 जुलाई 2025/ छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल, नवा रायपुर के निर्देशानुसार पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के दो प्रथम संतानों के लिए ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ संचालित की गई है, जिसमें निःशुल्क आवासीय शिक्षा कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रदाय किया जाएगा। जिला श्रम पदाधिकारी ने जानकारी दी है कि इसके लिए कक्षा 6वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं 05 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया कक्षा पांचवी में प्रतिशत (मेरिट बेस) के आधार पर किया जाएगा। चयनित छात्र-छात्राओं को राज्य के निजी आवासीय विद्यालय जैसे जे.पी. इंटरनेशनल स्कूल कांकेर या राज्य के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश दिया जाएगा और समस्त शैक्षणिक, आवासीय शुल्क मंडल द्वारा वहन किया जाएगा।
श्रम पदाधिकारी ने बताया कि इसके लिए न्यूनतम अर्हता एक वर्ष पुराना श्रमिक पंजीयन तथा आयु न्यूनतम 10 वर्ष एवं अधिकतम 12 वर्ष या 01 अप्रैल 2012 के बीच होनी चाहिए। इस योजना से प्रथम दो संतान ही पात्र होंगे। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना हेतु स्कूल द्वारा जारी अध्ययनरत प्रमाण-पत्र, श्रमिक पंजीयन कार्ड (एक वर्ष पुराना), श्रमिक के पुत्र-पुत्री का आधार कार्ड, कक्षा 5वीं की उत्तीर्ण अंकसूची, स्व-घोषणा पत्र योजना के संबंध में छात्र-छात्राओं का मूल निवास प्रमाण-पत्र तथा स्व-घोषणा पत्र आदि दस्तावेज अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय श्रम पदाधिकारी कांकेर के दूरभाष नम्बर 07868-223112 से संपर्क किया जा सकता है।



