कोरबा, छत्तीसगढ़: कोरबा जिले के कोरकोमा गांव में एक ‘मुर्गा-भात’ पार्टी में खाने के बाद दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। यह दर्दनाक घटना राजबिन चौहान के घर में हुई पार्टी के बाद सामने आई।
मृतकों की पहचान राजबिन चौहान (69 वर्ष) और जेमसिह (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, राजाराम, राजकुमार और चमेली बाई की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सभी पीड़ित एक ही परिवार से हैं।
खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, हुई मौतें
पार्टी में खाना खाने के बाद कुछ लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान राजबिन चौहान और जेमसिह ने दम तोड़ दिया।
मृतिका राजबिन की बहू रानू चौहान ने बताया कि उनकी सास और उनके पति राजकुमार गांव में ही रहने वाले राजमणि के घर पर मुर्गा-भात खाने गए थे। वहां से लौटने के बाद राजबिन घर पर मुर्गा-भात लेकर आईं और खाने के बाद उल्टी करने लगीं। उनके पति राजकुमार की भी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें भी उल्टी होने लगी।
जब दोनों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। इसके बाद सभी को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ दो लोगों की मौत हो गई और बाकी का इलाज जारी है।
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिसमें यह बात सामने आई है कि मुर्गा-भात खाने के बाद ही सभी की तबीयत बिगड़ी है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण पता चल पाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मौत खाने में किसी ज़हरीले पदार्थ के कारण हुई है या कोई और वजह है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।



