‘Om Namah Shivay’ – a unique religious festival of 51 lakh chants, Shiva-Parvati marriage and distribution of consecrated Rudraksha.
रायगढ़। महिला समन्वय रायगढ़ द्वारा आयोजित अखंड ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र जाप का दिव्य आयोजन 1 अगस्त से निरंतर समलाई मंदिर प्रांगण (राजा महल के पास) में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में जारी है। प्रथम दिवस से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, पंडाल में हर ओर भक्ति का रस और शिव नाम की गूंज सुनाई दे रही है।
पार्थिव शिवलिंग निर्माण — विशेष आकर्षण
कार्यक्रम के चौथे दिन, 4 अगस्त को, एक अद्भुत और अलौकिक दृश्य देखने को मिला जब 108 जोड़ों ने मिलकर पार्थिव शिवलिंग बनाए और वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजन किया। यह अनुष्ठान इस धार्मिक आयोजन का विशेष आकर्षण बना।
51 लाख मंत्र जाप पूर्ण — रुद्राक्ष शिवलिंग अभिमंत्रित
भक्तगण सुबह से ही पंडाल में पहुंचकर ॐ नमः शिवाय का जाप कर रहे हैं, जिनकी गणना विशेष काउंटर पर की जाती है। अब तक 51 लाख जाप पूरे हो चुके हैं। इस दौरान रुद्राक्ष निर्मित शिवलिंग को मंत्र शक्ति से अभिमंत्रित किया गया है, जो भक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है।
शिव-पार्वती विवाह — भक्तों की उमड़ी भीड़
4 अगस्त की संध्या में भव्य शिव-पार्वती विवाह का आयोजन हुआ, जिसमें नगर भर के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भक्ति संगीत, बारात का उल्लास और विवाह की धार्मिक विधियां देखते ही बनती थीं। सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समापन एवं रुद्राक्ष वितरण
यह दिव्य आयोजन 7 अगस्त को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा।
8 अगस्त की प्रातः अभिमंत्रित रुद्राक्ष श्रद्धालुओं को वितरित किए जाएंगे, जिससे वे इस पुण्य कार्य का हिस्सा बन सकें।
महिला समन्वय समिति की अपील
महिला समन्वय रायगढ़ ने सभी भक्तजनों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लें और पुण्य का फल प्राप्त करें।



