Three-day basic orientation training given to newly elected Sarpanches
उत्तर बस्तर कांकेर 14 अगस्त 2025/ जिले के विकासखंड चारामा, कांकेर एवं नरहरपुर के नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत सरपंचों को आजीविका महाविद्यालय गोविंदपुर कांकेर में 11 से 13 अगस्त तक तीन दिवसीय आधारभूत अभिमुखीकरण प्रशिक्षण दिया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी तथा प्राचार्य जिला पंचायत संसाधन केन्द्र कांकेर श्री कमल सिदार के मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में पंचायती राज संरचना के महत्वपूर्ण एवं आधारभूत जानकारी के साथ ही उनके ग्राम पंचायतों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा योजनाओं का लाभ ग्राम पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में 73वां संविधान संशोधन, ग्राम पंचायत सरपंचों के कर्तव्य एवं अधिकार तथा कामकाज और संचालन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दिया गया। इसके साथ ही पेसा कानून एवं त्रिस्तरीय पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की भी जानकारी जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री पंकज कुमार सिन्हा, श्री राजेन्द्र राठौर, वरिष्ठ आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी जनपद पंचायत कांकेर के द्वारा दी गई।



