Finance Minister OP Choudhary hoisted the tricolor, honored 96 officers and employees
रायगढ़। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम रायगढ़ में 79वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर रायगढ़ विधायक एवं छत्तीसगढ़ सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 96 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
- वन विभाग के जाबांजों को मिला सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के मंच पर इस बार विशेष रूप से वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों की सराहना की गई, जिन्होंने हाथी प्रबंधन, वृक्षारोपण और मानवीय सेवा कार्यों में मिसाल कायम की।
सहदेव बेहरा (वनपाल)
वर्षा ऋतु 2024 में डीएमएफ एवं मनरेगा मद अंतर्गत खसरा नंबर 176/1, रकबा 15.00 हेक्टेयर में मिश्रित वृक्षारोपण, हाथी प्रबंधन एवं वानिकी कार्य में उत्कृष्ठ योगदान देने पर सम्मानित।

रामसिंह राठिया (वन रक्षक)
29 मार्च 2025 को बाकारूमा परिक्षेत्र में एक शावक हथिनी के सकरी चट्टान में फँस जाने पर संवेदनशीलता व तत्परता दिखाते हुए सफल रेस्क्यू एंड रीयूनियन ऑपरेशन कर शावक को उसके झुंड से मिलाने में अहम भूमिका निभाई।
राजेश बेहरा (वन रक्षक)
सीमावर्ती वन क्षेत्रों में अतिक्रमण नियंत्रण व हाथी प्रबंधन में सराहनीय कार्य करने पर सम्मानित।
नवीन गुप्ता (गेम गार्ड)
25 जून 2025 को छेना पतरा जंगल के किनारे झोपड़ी में फँसी असहाय वृद्ध महिला को दंतेल हाथियों की मौजूदगी के बावजूद कंधे पर उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुँचाया। यह कार्य अदम्य साहस व मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण बना।
प्रकाश भगत (हाथी मित्रदल सदस्य)
छाल वन परिक्षेत्र में वर्षभर हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी, गांव-गांव मुनादी कर लोगों को सतर्क करना, फँसे लोगों का सफल रेस्क्यू करना और हाथी-मानव द्वंद को कम करने में अहम योगदान देने पर सम्मानित।
- वित्त मंत्री ने जताई गर्व की भावना
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि “रायगढ़ जिला अपनी सांस्कृतिक धरोहर के साथ-साथ पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के लिए पूरे प्रदेश में उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। आज सम्मानित हुए अधिकारी-कर्मचारी हमारे जिले का गौरव हैं। उनके समर्पण और सेवाभाव से समाज व प्रकृति दोनों का हित सुरक्षित हो रहा है।”




