Theft of gold chain and cash revealed, accused arrested, action by Bhopalpatnam police
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – थाना भोपालपटनम् पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोने की चैन और नगदी चोरी के मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मशरूका भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त भोपालपटनम निवासी गगन पामभोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अगस्त की रात अज्ञात चोर ने उनके घर से एक सोने की चैन (करीब 3 तोला, कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये) और नगद 45 हजार रुपये चोरी कर लिया है।
मामले में थाना भोपालपटनम् पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दिलीप मेट्टा (26 वर्ष), निवासी सेण्ड्रापारा, थाना भोपालपटनम को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से उसके मेमोरण्डम कथन के आधार पर सोने की चैन (1.5 लाख रुपये), नगद 5,900 रुपये और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (बिना नम्बर) बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि चोरी की नगदी रकम का अधिकांश हिस्सा उसने मोटरसाइकिल मरम्मत, कपड़े खरीदने और खाने-पीने में खर्च कर दिया था। वहीं, सोने की चैन बेचने की कोशिश के बावजूद खरीददार न मिलने से वह इसे बेच नहीं पाया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।



