Farmers will get more benefit in certified seed production, last date for registration is 31st August
उत्तर बस्तर कांकेर 30 अगस्त 2025/छत्तीसगढ़ शासन का उपक्रम छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम किसानों को खरीफ मौसम में बीज उत्पादन कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है। यह कार्यक्रम किसानों को सामान्य धान खरीदी की तुलना में अधिक लाभ अर्जित करने का मौका देता है।
प्रमाणित बीज के उपयोग से पारंपरिक बीज की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत अधिक उपज प्राप्त होती है। इसी उद्देश्य से कृषि विभाग किसानों को प्रमाणित बीज उत्पादन हेतु प्रोत्साहित कर रहा है। बीज निगम द्वारा हर वर्ष किसानों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न किस्मों का प्रमाणित बीज उपलब्ध कराया जाता है।
जिन किसानों के पास कम से कम 2.5 एकड़ भूमि है वे छत्तीसगढ़ राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था में मामूली शुल्क देकर पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए किसानों को अपने जिले के बीज प्रक्रिया केंद्र में संपर्क करना होगा। बीज उत्पादन की पूरी जानकारी प्रमाणीकरण अधिकारी किसानों को उपलब्ध कराते हैं।
फसल कटाई के बाद बीज जमा करने पर बीज प्रक्रिया केंद्र द्वारा किसानों को कुल मूल्य का लगभग 60 प्रतिशत अग्रिम भुगतान एक सप्ताह में कर दिया जाता है, जबकि शेष 40 प्रतिशत राशि बीज परीक्षण परिणाम आने के बाद दो माह के भीतर दी जाती है।
पिछले खरीफ में बीज उत्पादन कार्यक्रम से जुड़े किसानों को शासन की समर्थन मूल्य दर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की तुलना में अधिक लाभ प्राप्त हुआ। मोटा धान किस्म के लिए 3843 रुपये, पतला धान किस्म के लिए 4011 रुपये तथा सुगंधित धान किस्म के लिए 4444 रुपये प्रति क्विंटल दर किसानों को मिली। इस तरह प्रति एकड़ किसानों को लगभग 15 से 16 हजार रुपये और प्रति हेक्टेयर लगभग 40 हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ हुआ।
किसानों की सुविधा के लिए बीज उत्पादन से संबंधित विस्तृत जानकारी उप संचालक कृषि कार्यालय कांकेर से प्राप्त की जा सकती है। संपर्क सूत्र: 9425537529, 8269085620 पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2025 निर्धारित है।



