Home Blog आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण

आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण

0

Training of block level master trainers under Adi Karmayogi Abhiyan

उत्तर बस्तर कांकेर 03 सितम्बर 2025/ “आदि कर्मयोगी अभियान” के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को जिला पंचायत के सभाकक्ष में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दूसरे दिन आज हस्तशिल्प कला बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी ने ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

Ro.No - 13672/156

प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी ने कहा कि हमारा जिला विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिले में बेहतर क्रियान्वयन के लिए कार्य किए जा रहे हैं। आदि कर्मयोगी अभियान में भी हमारा जिला अग्रणी बने, इसके लिए सभी लोग उत्कृष्ट कार्य करेंं। कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं पहुंचाने के लिए आदि कर्मयोगी अभियान एक अच्छा अभियान है। इसके माध्यम से हम दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी सरकार योजनाओं से जोड़ सकते हैं। सभी लोग उत्साहपूर्वक कार्य करते हुए सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित करें।

उल्लेखनीय है कि इस अभियान के अंतर्गत कांकेर जिले के 552 जनजातीय बाहुल्य ग्राम शामिल किए गए हैं। अभियान के तहत् जिला एवं ब्लॉक स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स तथा ग्राम स्तर पर कैडर अशासकीय संस्थाएं, स्व-सहायता समूह, पंचायत सचिव, युवा, पंच, फ्रंटलाईन कर्मचारी, एवं सेवाभावी संगठन, स्वयंसेवक तैयार किये जाएंगे। ये सभी जिले के आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में विभिन्न योजनाओं जैसे- धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम जनमन योजना, मूलभूत सुविधाएं जैसे- आवास, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार आदि के क्रियान्वयन, उपलब्धता एवं संतृप्तिकरण तथा भविष्य में आदिवासी ग्रामों के विकास हेतु ग्राम स्तर पर योजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे। इस अभियान के तहत् लाईन विभागों-वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ आदि कर्मयोगी अभियान पर उन्मुखीकरण एवं क्रियान्वयन हेतु आवश्यक पहल की जा रही है। इस अभियान अंतर्गत चिन्हांकित प्रत्येक ग्राम में “आदि सेवा केन्द्र” की स्थापना किया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत “सेवा पर्व एवं आदि कर्मयोगी सेवा अभियान” का आयोजन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक किया जाना प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य ”सेवा, समर्पण एवं सुशासन“ की भावना के साथ जमीनी स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों को सशक्त कर नेतृत्व क्षमता को बढ़ाना तथा ग्राम स्तर पर शासकीय सेवाओं की प्रदायगी को सशक्त करना है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक चयनित ग्राम हेतु 02 अक्टूबर 2025 के पूर्व ट्रायबल विलेज विजन-2030 का निर्माण, जनभागीदारी के तहत् विशेष जागरूकता अभियान, शिकायत निवारण एवं सेवा प्रदाय हेतु शिविरों का आयोजन, प्रत्येक पखवाड़े में ”आदिवासी सेवा दिवस“ एवं प्रत्येक सप्ताह (सोमवार) ”आदिवासी सेवा हेतु निश्चय समय” का आयोजन किया जाएगा। आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स कपिल भट्ट, खुलेश साहू, संजय वस्त्रकार, पंकज कुमार सिन्हा एवं राजेश हिरकने द्वारा ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here