गृह संपर्क से लेकर हिन्दू सम्मेलन तक वर्षभर होंगे विविध आयोजन,
एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
मनेंद्रगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी। संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर के प्रेरणा मंडल कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें सह-जिला कार्यवाह देवेंद्र सिंह एवं नगर कार्यवाह नीरज अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए देवेंद्र सिंह ने बताया कि 1925 में संघ की स्थापना हुई थी और आज 2025 में संघ अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। इन 100 वर्षों की यात्रा में स्वयंसेवकों ने सेवा, समर्पण और विश्वास के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का कार्य किया। इस दौरान संघ पर कई बार प्रतिबंध भी लगे, परंतु सभी चुनौतियों को पार करते हुए संघ आज मजबूती के साथ अपने शताब्दी वर्ष के आयोजन की ओर अग्रसर है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष की विजयादशमी से संघ के शताब्दी वर्ष का औपचारिक शुभारंभ होगा। इस अवसर पर संघ के सभी मंडलों एवं बस्तियों में विजयादशमी उत्सव का आयोजन किया जाएगा और पथ संचलन निकाले जाएंगे।
शताब्दी वर्ष के अंतर्गत
1 से 30 नवंबर तक गृह संपर्क अभियान चलेगा, जिसमें स्वयंसेवक पांच प्रमुख विषयों के साथ भारत माता का चित्र एवं साहित्य लेकर घर-घर संपर्क करेंगे।
1 से 31 दिसंबर तक सभी मंडलों एवं बस्तियों में हिंदू सम्मेलन आयोजित होंगे।
जनवरी में युवा सम्मेलन, फरवरी में सामूहिक सद्भाव कार्यक्रम तथा मार्च में समाज के प्रमुख व्यक्तियों के साथ जनगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
देवेंद्र सिंह ने बताया कि 2026 की विजयादशमी तक प्रत्येक गांव में शाखा को सक्रिय बनाने का लक्ष्य रखा गया है।



